पाक क्रिकेटरों को आईपीएल से बाहर रखने में सरकार का हाथ नहीं: कृष्णा (लीड-1)
कृष्णा ने गुरुवार को नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि आईपीएल की नीलामी से सरकार का कोई वास्ता नहीं है।
उन्होंने कहा, "ऐसे में पाकिस्तान को भारत सरकार कहां जुड़ी हुई है और भारत सरकार कहां एक खिलाड़ी है इसके बीच एक लकीर खींचनी होगी।"
पाकिस्तान के संसदीय प्रतिनिधिमंडल द्वारा भारत की प्रस्तावित यात्रा रद्द किए जाने और पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक के एक बयान के संदर्भ में विदेश मंत्री ने यह टिप्पणी की।
पाकिस्तान द्वारा आईपीएल के फैसले को सरकार के साथ जोड़े जाने पर विदेश मंत्री ने कहा, "आईपीएल, खिलाड़ियों के चयन और इसकी गतिविधियों से सरकार कोई नाता नहीं है। इसलिए पाकिस्तान को यह स्पष्ट करना होगा कि इस मसले पर भारत की कोई भूमिका है या नहीं।"
इससे पहले मलिक ने कहा था कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों की बेइज्जती की गई है और इससे पता चलता है कि भारत शांति प्रक्रिया के लिए गंभीर नहीं है।
आईपीएल की नीलामी में शामिल पाकिस्तान के किसी भी खिलाड़ी को खरीददार न मिलने पर पाकिस्तान में विपक्षी दलों के सांसदों ने भी नाराजगी जताई थी। पाक नेशनल एसेंबली की स्पीकर फहमीदा मिर्जा ने बुधवार को कहा कि आईपीएल में उनके देश के खिलाड़ियों को न खेलने देने की 'सुनियोजित साजिश' रची गई थी।
पाकिस्तान में यह मामला काफी तूल पकड़ चुका है। विपक्षी दल पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के नेता निसार अली खान ने मांग की है कि पाकिस्तान में भारतीय फिल्मों के दिखाए जाने पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications