गंगासागर मेले में भगदड़, सात मरे
कोलकाता के पास चल रहे गंगासागर मेले में मची भगदड़ से कम से कम सात तीर्थयात्री मारे गए हैं और नौ लोग घायल हुए हैं.
मकर संक्रांति के मौके पर हर साल गंगा नदी और बंगाल की खाड़ी के संगम स्थल पर लाखों हिंदू श्रद्धालु डुबकी लगाने के लिए जुटते हैं.
ये पवित्र स्थल सागर द्वीप कहलाता है और श्रद्धालु वहां नाव से पहुंचते हैं.
ख़बर है कि भगदड़ तब मची जब श्रद्धालु नाव पर जगह पाने के लिए दौड़ रहे थे.
पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिरीक्षक सुरोजित कार पुरकायस्था का कहना है, "जो भीड़ थी वो भगदड़ में बदल गई और सात लोग मारे गए."
मरनेवालों में बच्चे और औरतें भी हैं.
घायलों में से चार की हालत चिंताजनक बनी हुई है.
गंगासागर हिंदुओं के लिए एक पवित्र तीर्थ स्थल है और मान्यता है कि दूसरे तीर्थों की यात्रा तो बार बार की जा सकती है लेकिन गंगासागर जीवन में एक ही बार जाना होता है.
उधर हरिद्वार में भी गंगा तट पर मकर संक्रातिं से शुरू होकर तीन महीने तक चलने वाले महाकुंभ के लिए लाखों श्रद्धालु जुटे हुए हैं.












Click it and Unblock the Notifications