येल में शिक्षा पर होने वाले सम्मेलन में जेएनयू भी भाग लेगा
वाशिंगटन, 13 जनवरी (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के अध्यक्षों एवं उप कुलपतियों के वैश्विक नेटवर्क 'ग्लोबल कोलोकियम ऑफ यूनिवर्सिटी प्रेजीडेंट्स' के चौथे सम्मेलन को संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून संबोधित करेंगे। इसमें भारत के अग्रणी शिक्षण संस्थान जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के उप कुलपति भी भाग लेंगे।
इसका आयोजन येल विश्वविद्यालय में 14 से 15 जनवरी तक होगा। इस सम्मेलन में शोध एवं शिक्षा के जरिए लोक नीति संबंधी समस्याओं के समाधान निकाले जाने पर चर्चा होगी। सम्मेलन की मेजबानी कनेक्टीकट स्थित न्यू हेवन के येल विश्वविद्यालय करेगा। विश्वविद्यालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि सम्मेलन की तैयारी पूरी कर ली गई है।
इसमें जेएनयू के उप कुलपति के अलावा चीन के फुडान विश्वविद्यालय एवं सिंघुआ विश्वविद्यालय, नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन विश्वविद्यालय, घाना विश्वविद्यालय, युगांडा स्थित माकेरेरे विश्वविद्यालय, तुर्की के बिलकेंट विश्वविद्यालय, कोलेजियो डी मेक्सिको, मेक्सिको के टेक डे मोंटेरे विश्वविद्यालय, ऑक्सफोर्ड, यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ लंदन जैसे शीर्ष संस्थानों के प्रमुख भी भाग लेंगे।
सम्मेलन के मेजबान येल विश्वविद्यालय के अध्यक्ष रिचर्ड सी.लेविन हैं। सम्मेलन का विषय है- वैश्विक चुनौतियों से निपटने में विज्ञान की भूमिका।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications