शिमला में मौसम का पहला हिमपात
शिमला, 13 जनवरी (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी और उसके आसपास के पहाड़ी इलाकों में बुधवार को मौसम का पहला हिमपात हुआ। इसे देखते हुए बड़ी तादाद में पर्यटकों के आने की आस में बैठे होटल मालिकों के चेहरों पर मुस्कान आ गई है।
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "शिमला और आसपास की पहाड़ियों पर बुधवार सुबह सात बजे से हिमपात हो रहा है। शिमला में यह इस मौसम का पहला हिमपात है।"
उन्होंने बताया कि शहर के अन्य निचले हिस्सों की तुलना में शिमला के वाणिज्यिक केंद्र मॉल, ऐतिहासिक रिज और जाखू पर्वत पर बहुत अच्छा हिमपात हुआ है।
उन्होंने बताया कि कुफ्री, फागू और नारकांडा में भी पर्याप्त बर्फ गिरी है जबकि कुल्लू जिले के मनाली और सोलन जिले के कसौली में हिमपात नहीं हुआ।
हिमपात न होने की वजह से नुकसान उठा रहे होटलों के मालिकों को मौसम की पहली बर्फबारी से पर्यटकों के आने की आस बंधी है। लाहौल स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा के ऊंचाई वाले इलाकों में जबरदस्त बर्फबारी के आसार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications