उत्तर भारत में सर्दी का सितम जारी (राउंडअप)
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि दिल्ली में आगे बारिश की तो संभावना नहीं है लेकिन गुरुवार और शुक्रवार को घना कोहरा छा सकता है। दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री और अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री दर्ज किया गया।
भारतीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "बुधवार को न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो वर्ष के इस समय में औसत तापमान से थोड़ा ऊपर है। वहीं सुबह नौ बजे दृश्यता 300 मीटर तक थी।"
इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के प्रवक्ता ने बताया कि हालांकि सुबह नौ बजे कम दृश्यता के बावजूद उड़ानें प्रभावित नहीं हुईं। सभी उड़ानें अभी तक सामान्य हैं।
उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि बुधवार को 15 रेलगाड़ियों के परिचालन समय में देरी हुई। पिछले कुछ दिनों से यही स्थिति बनी हुई है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) सत्येंद्र सिंह गर्ग ने आईएएनएस को बताया, "मौसम की वजह से कुछ इलाकों में यातायात बाधित हुआ। लेकिन हमने प्रत्येक सिग्नल पर अधिक यातायातकर्मियों को तैनात किया है। बुधवार को स्थिति अच्छी है।"
उत्तर प्रदेश में भी एक पखवाड़े से सर्दी का कहर जारी है। प्रदेश के कई इलाकों में मंगलवार देर रात हुई हल्की बारिश ने सर्दी का सितम और बढ़ा दिया है।
मौसम विभाग के मुताबिक बुंदेलखंड के झ्झांसी जिले में दो मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश व दूसरे क्षेत्रों में बारिश से पारा और गिर गया है, जिससे शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री से आस-पास दर्ज किया गया। वाराणसी में न्यूनतम तापमान गिरकर चार डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जबकि राजधानी लखनऊ का न्यूनतम 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बुधवार को लखनऊ में बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य के कई इलाकों में बारिश के आसार बने। अगले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी हो सकती है।
कड़ाके सर्दी के मद्देनजर मुख्यमंत्री मायावती ने कक्षा आठ तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को आगामी 13 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने राज्य के सभी 71 जिला के जिलाधिकारियों से कहा कि 312 तहसीलों के सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए।
पंजाब, हरियाणा और उनकी संयुक्त राजधानी चण्डीगढ़ में बुधवार को बूंदाबांदी के बीच खिली धूप का लोगों ने आनंद लिया।
पिछले एक हफ्ते से शीतलहर झेल रहे लोगों को दिन की शुरूआत हल्की धूप के साथ होने से सर्दी और कोहरे से राहत मिली। चण्डीगढ़ में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब का अमृतसर शहर सबसे सर्द रहा वहां का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम तापमान क्रमश: 7.2 और छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा के अंबाला, हिसार और करनाल में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.9, 7.8 और 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में बुधवार को मौसम का पहला हिमपात हुआ। इसे देखते हुए बड़ी तादाद में पर्यटकों के आने की आस में बैठे होटल मालिकों और किसानों के चेहरे पर मुस्कान बिखर गई।
बर्फबारी की वजह से सेब की फसल को होने वाले फायदे को देखते हुए किसानों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
शिमला में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। शिमला में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि मंगलवार को यहां का तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस था।
प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों शिमला, कुफरी, नरकंडा, फागू, कसौली, डलहौजी और मनाली में बुधवार तड़के हल्की बर्फबारी हुई।
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "सोलन जिले में स्थित कसौली और शिमला जिले के कुफरी, फागू और नरकंडा में यह इस मौसम का पहला हिमपात है।"
उन्होंने बताया कि शहर के अन्य निचले हिस्सों की तुलना में शिमला के वाणिज्यिक केंद्र, मॉल, ऐतिहासिक रिज और जाखू पर्वत पर 10 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई।
राज्य में लाहौल-स्पीति जिले के केलांग में और किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 9.2 और तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
शिमला में बर्फबारी से पर्यटन उद्योग से जुड़े लोग भी पर्यटकों के आने की उम्मीद से खुश हैं।
उधर, बिहार में भी शीतलहर थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को लगातार तीसरे दिन आसमान पर हल्के बादल छाये रहे जिसकी वजह से लोग खिली धूप के लिए तरस गए।
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को पटना का न्यूनतम तापमान चार दशमलव आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे न्यूनतम तापमान है।
इसके पूर्व सात जनवरी इस मौसम का सबसे ठंडा दिन था जब पटना का न्यूनतम तापमान चार दशमलव नौ डिग्री सेल्सियस मापा गया था।
राज्य में बुधवार को गया का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस, पूर्णिया का 4.9 डिग्री तथा भागलपुर का 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अनिमेश चन्द्रा ने बुधवार को बताया कि राज्य में पछुआ हवाएं चलने के कारण पूरा बिहार शीतलहर की चपेट में है। उन्होंने कहा कि न्यूनतम और अधिकतम तापमान के अंतर में भी काफी कमी आई है।
ज्ञात हो कि राज्य सरकार ने सर्दी के कारण अगले रविवार तक के लिए सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों को बंद करने का निर्देश दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications