ज्योति बसु की हालत गंभीर, संक्रमण में मामूली सुधार (लीड-1)
कोलकाता के साल्टलेक स्थित एएमआरआई अस्पताल में 95 वर्षीय बसु को एक जनवरी को भर्ती करवाया गया था। अस्पताल द्वारा जारी बुलेटिन में कहा गया है कि बसु को दिन में खून चढ़ाया जाएगा। उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया है। हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ाने के लिए उन्हें मंगलवार को भी खून चढ़ाया गया था।
बुलेटिन में कहा गया है, "उनकी हालत अभी तक नाजुक बनी हुई है और उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया है लेकिन संक्रमण में कुछ कमी आई है।"
चिकित्सकों ने उनके मस्तिष्क में जमा रक्त के थक्के की स्थिति का पता लगाने के लिए सीटी स्कैन किया है। थक्के में कोई नया परिवर्तन नजर नहीं आया है।
बीमार बसु का हाल जानने के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष राम विलास पासवान बुधवार को कोलकाता स्थित अस्पताल गए और उन्होंने बसु के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
इस मौके पर लालू प्रसाद ने कहा, "ज्योति बसु एक महान नेता हैं। वह न केवल पश्चिम बंगाल के बल्कि पूरे देश के महान नेता हैं। यह उनकी महानता थी कि जब संयुक्त मोर्चा द्वारा वर्ष 1996 में उन्हें प्रधानमंत्री बनने का प्रस्ताव दिया गया था तो उन्होंने अपनी पार्टी के निर्देश पर उसे अस्वीकार कर दिया था। मैंने भगवान से उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना की है।"
पूर्व केंद्रीय मंत्री पासवान ने कहा, "अब से 100 साल बाद लोग उन लोगों को भुला सकते हैं जो अभी तक प्रधानमंत्री बने हैं, लेकिन बसु हमेशा लोगों के जेहन में बसे रहेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications