भारत वापस लौटेगी नेपाली छात्रा
नई दिल्ली/पुणे, 13 जनवरी (आईएएनएस)। पुणे पुलिस द्वारा पिछले महीने नेपाल भेजी गई नेपाली नागरिक नीतू सिंह फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई)में अपनी बाकी पढ़ाई पूरी करने के लिए जल्द ही भारत लौटेगी। यह जानकारी अधिकारियों ने दी है।
फिल्म इंस्टीट्यूट में संपादन विभाग की अंतिम वर्ष की छात्रा नीतू सिंह को राज्य सरकार ने सात दिसंबर, 2009 को देश छोड़ने का आदेश दे दिया था। नीतू पर कथितरूप से भारत विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप लगाया गया था।
एक अधिकारी ने कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय राज्य सरकार की राय से सहमत नहीं है।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने नई दिल्ली में आईएएनएस को बताया, "केंद्र सरकार ने नीतू की भारत वापसी को मंजूरी दे दी है और उसे एफटीआईआई में अपनी पढ़ाई पूरी करने की अनुमति भी दे दी है।"
पुणे के एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि नीतू सिंह (30) से कहा गया है कि वह अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद जल्द से जल्द नेपाल वापस लौट जाए और मीडिया के साथ कोई बातचीत न करें। उसे अच्छे आचरण के लिए एक प्रतिज्ञा पत्र पर हस्ताक्षर करने के लिए भी कहा गया है।
लेकिन एफटीआईआई सूत्रों ने कहा है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि नीतू अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए कब लौट सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications