दाढ़ी वाले मुक्के बाजों पर प्रतिबंध के खिलाफ सिखों ने दी चेतावनी
लंदन, 13 जनवरी (आईएएनएस)। ब्रिटेन के सिख संगठनों ने दाढ़ी वाले शौकिया मुक्के बाजों पर रिंग में प्रवेश पर लगाए गए प्रतिबंध के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
ज्ञात हो कि पिछले वर्ष जनवरी महीने में एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ इंग्लैंड (एबीएई) ने 25 वर्षीय दाढ़ी वाले मुक्के बाज मोहम्मद पटेल पर स्वास्थ्य व सुरक्षा कारणों से प्रतिबंध लगा दिया था। प्रतिबंध के बाद मुसलमानों ने काफी होहल्ला मचाया था।
लेकिन उस समय एबीएई ने सिखों को प्रतिबंध से मुक्त रखा था। लेकिन संस्था ने अब आदेश जारी किया है कि सभी शौकिया मुक्के बाजों को दाढ़ी-मूंछ साफ किया हुआ होना चाहिए। इस आदेश ने सिखों को विरोध पर उतरने के लिए मजबूर कर दिया है।
नेटवर्क ऑफ सिख ऑर्गनाइजेशन के निदेशक इंद्रजीत सिंह ने कहा है, "यह अविश्वसनीय, संवेदनहीन और पूरी तरह अपमानजनक है। यह हमारे मुस्लिम भाइयों के लिए भी अपमानजनक है जो कि धार्मिक कारणों से दाढ़ी रखते हैं।"
सिंह ने कहा है, "हम एबीएई से निवेदन करते हैं कि वह अपने नए आदेश को वापस ले ले। ऐसा न होने की स्थिति में कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जो एबीएई के लिए काफी महंगी पड़ेगी। इससे न केवल एबीएई की सार्वजनिक छवि को भारी नुकसान होगा, बल्कि मुक्के बाजी के खेल को भी नुकसान पहुंचेगा।"
सिंह ने कहा है, "दाढ़ी को बहाना बनाना एक तुच्छ कार्रवाई है। यह खेल है और इसमें कुछ खतरे भी हैं, लेकिन बाल के कारण उन खतरों में वास्तव में कोई वृद्धि नहीं होती।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications