अच्छी स्थिति में हैं चीन में गिरफ्तार भारतीय व्यापारी (लीड-1)
आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास और शेनजेन शहर में भारतीय वाणिज्य दूतावास के दो अधिकारियों ने हिरासत में लिए गए सभी 21 भारतीयों से अलग-अलग मुलाकात की। दोनों अधिकारियों ने इन लोगों से उन स्थितियों के बारे में जानकारी ली जिनके तहत उन्हें हिरासत में लिया गया था।
सूत्रों के अनुसार अधिकारी अब इस विषय में निर्णय लेंगे कि इन सभी भारतीयों को दूतावास से किसी तरह की कानूनी मदद की जरूरत तो नहीं है।
गौरतलब है कि विगत आठ जनवरी को शेनजेन के तस्करी निरोधी ब्यूरो ने हांगकांग से अवैध ढंग से हीरे लाने के आरोप में इन 21 लोगों हिरासत में ले लिया था।
सूत्रों ने कहा है, "वे सभी अच्छी स्थिति में हैं और उनकी उचित तरीके से देखभाल की जा रही है। उन्हें अच्छा शाकाहारी भोजन दिया जा रहा है, क्योंकि उनमें से अधिकांश गुजराती हैं। शेनजेन में शाकाहारी भोजन मिलना इतना आसान नहीं है।"
सूरत डायमंड एसोसिएशन के अध्यक्ष रोहित मेहता ने कहा है, "हमारे पास इन गिरफ्तारियों के बारे में कोई भी पुष्ट जानकारी नहीं है। इसमें कुछ गड़बड़ मालूम पड़ती है।"
सूरत के हीरा व्यापारियों ने कहा है कि गिरफ्तार भारतीय व्यापारी बेगुनाह हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications