असम में पुलिस ने किया एक गांजा गिरोह का भंडाफोड़
गुवाहाटी, 13 जनवरी (आईएएनएस)। असम में बुधवार को पुलिस ने गांजे का कारोबार करने वाले एक अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गुवाहाटी के बाहरी इलाके में अधिकारियों ने करोड़ों रूपये मूल्य का 2,000 किलोग्राम गांजा नष्ट किया।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि राजधानी से 50 किमी दूर जोरसीमोलु गांव में करीब सात एकड़ में लगाई गई गांजे की फसल को नष्ट कर दिया गया ।
कामरूप ग्रामीण जिले के अतिरिक्त पुलिस प्रमुख एच.के.नाथ ने आईएएनएस को बताया कि "विशेष सूचना के आधार पर हमने गांव में छापा मारा और वहां बड़े पैमाने पर गांजे की खेती देखकर हम भौंचक रह गए।"
पुलिस ने बताया कि गांव में अवैध तरीके से बांग्लादेशी बसे हुए हैं।
स्थानीय लोगों के हवाले से एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि कच्चे गांजे को अदरक और जूट में मिलाकर नदी के रास्ते बांग्लादेश भेजा जाता है।
नाथ ने कहा, हम मामले की छानबीन कर रहे हैं और हमें आशंका है कि कुछ मादक पदार्थों के उत्पादक इस गिरोह को चला रहे हैं, जिन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
एक किलोग्राम गांजे की कीमत करीब 5,000 रूपये है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications