हैती में शक्तिशाली भूकंप, तबाही की आशंका (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर सात मापी गई है। भूकंप के बाद हैती, क्यूबा, बहामास और डोमिनिकन रिपब्लिक में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई।
भकंप का केंद्र हैती की राजधानी पोर्ट-आउ-प्रिंस से 15 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम में था। भूकंप के तत्काल बाद 5.9 और 5.5 तीव्रता वाले दो और झटके महसूस किए गए।
अमेरिका में हैती के राजदूत रेमंड एलिसाइड ने बताया कि भूकंप से भारी तबाही हुई है। उन्होंने कहा कि भूकंप के दौरान वह अपने घर लौट रहे थे। राजदूत ने कहा कि वाहन से उतरने के बाद उन्होंने देखा कि सड़क दोनों ओर मकान हिल रहे थे और जब एक पुल पर चढ़े तो वह भी बहुत तेजी से हिल रहा था।
गैर सरकारी संगठन 'सेव द चिल्ड्रेन' से जुड़े इयान रोजर्स ने भूकंप के कुछ देर बाद सीएनएन को बताया, "रात का समय है। लोग फंसे हुए हैं। यहां लोग बहुत बड़ी समस्या से घिर गए हैं।"
हैती की आबादी लगभग 90 लाख है। यहां लंबे समय से राजनीतिक संकट भी रहा है। भूकंप की खबर मिलते ही अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मदद की पेशकश की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications