एनटीपीसी का विद्युत संयंत्र स्थापित करने की कवायद तेज
भोपाल, 13 जनवरी (आईएएनएस)। भारत सरकार के उपक्रम नेशनल थर्मल पावर कार्पोरेशन (एनटीपीसी) ने चार हजार मेगावाट क्षमता के विद्युत संयंत्र को स्थापित करने की कवायद तेज कर दी है। इसके लिए एनटीपीसी के केंद्रीय अध्ययन दल ने सागर जिले की बीना तहसील के देवल गांव का जायजा लिया है जहां यह संयंत्र स्थापित किया जा सकता है।
जानकारी के अनुसार चार सदस्यीय दल बुधवार को सागर जिले की बीना तहसील पहुंचा। इस दल को सागर संभाग के आयुक्त एस. के. वेद और जिलाधिकारी मनीष श्रीवास्तव ने देवल गांव में आवश्यकता से अधिक समतल एवं विवाद रहित भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया। अध्ययन दल को बताया कि यहां पानी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। नरेन नदी इस गांव के पास से गुजरती है जो बेतवा नदी में मिलती है और साल भर यहां पानी की कमी नहीं रहती है। यहां रेल लाइन भी महज कुछ किलो मीटर की दूरी पर है। विद्युत संयंत्र की सभी जरूरतों को यहां आसानी से पूरा किया जा सकता है।
मध्य प्रदेश की ओर से सशक्त दावेदारी पेश करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने दल को बताया कि देवल गांव तक झांसी-बीना रेल लाइन से ब्रॉडगेज लाइन ले जाने में कोई दिक्कत नहीं है क्योंकि यहां पर समतल भूमि उपलब्ध है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications