भारत यात्रा 100 फीसदी सफल रही : हसीना
ढाका, 13 जनवरी (आईएएनएस)। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने नई दिल्ली दौरे को 100 फीसदी सफल बताते हुए बुधवार को कहा है कि भारत के साथ जिन समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं, उनसे न केवल द्विपक्षीय संबंधों में मदद मिलेगी, बल्कि उससे पूरे दक्षिण एशिया के लोगों को लाभ होगा।
अपने चार दिवसीय भारत दौरे से लौटने के बाद हसीना ने मीडिया को बताया कि उनकी यात्रा का मकसद दक्षिण एशिया में शांति स्थापना और दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाना था।
समाचार पत्र द डेली स्टार की वेबसाइट स्टार ऑनलाइन ने खबर दी है कि हसीना की पार्टी, अवामी लीग के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जिया इंटरनेशनल हवाई अड्डे पर तथा रास्ते में हसीना का जोरदार स्वागत किया।
हसीना ने घोषणा की है कि शांति, नि:शस्त्रीकरण और विकास के लिए उन्हें इंदिरा गांधी पुरस्कार के तहत प्राप्त हुई 25 लाख रुपये की राशि वह बंगबंधु मेमोरियल ट्रस्ट को दान कर देंगी। इस ट्रस्ट की स्थापना हसीना के पिता और बांग्लादेश के प्रथम राष्ट्रपति शेख मुजीबुर्रहमान के नाम पर की गई है।
इस राशि को गरीब बच्चों की शिक्षा पर खर्च किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications