राठौड़ ने अंतत: खोली जुबान, कहा 'और मुस्कराऊंगा'
चंडीगढ़, 13 जनवरी (आईएएनएस)। रुचिका गिरहोत्रा छेड़छाड़ मामले में सजा सुनाए जाने के बाद हरियाणा के पूर्व पुलिस प्रमुख एस.पी.एस.राठौड़ ने बुधवार को पहली बार अपनी जुबान खोली है। उसने यह कहते हुए मीडिया की खिल्ली उड़ाई है कि यदि मीडिया ने उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश की तो राठौड़ और मुस्कराएगा।
रुचिका गिरहोत्रा के साथ छेड़छाड़ के 19 वर्ष पुराने मामले में सजा सुनाए जाने के बाद राठौड़ के चेहरे पर उभरी मुस्कराहट मीडिया में उपहास का विषय बन गई है। अपने खिलाफ दायर तीन नए मामलों के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे राठौड़ ने कहा, "यदि आप मेरी इस हंसी का राज जानना चाहते हैं तो मैं उसके बारे में जरूर बताऊंगा।"
राठौड़ ने कहा, "यदि आप मेरे बैठकखाने में आएंगे तो वहां मध्य में एक छायाचित्र रखा हुआ पाएंगे। उस चित्र में मैं अपनी पत्नी और नौ वर्षीय बेटे के साथ तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को पुष्प अर्पित कर रहा हूं। यह चित्र मुझे लखनऊ विश्वविद्यालय में बीते मेरे पुराने दिनों की ओर ले जाता है। वहां मैं अन्य छात्रों के साथ भारत के उस महान सपूत की एक झलक पाने के लिए दौड़ पड़ा था।"
राठौड़ ने कहा, "विपरीत परिस्थिति में मुस्कराना मैंने पंडित नेहरू से सीखा था। यदि आप मुझे अधिक नुकसान पहुंचाने में सफल होते हैं तो मेरी मुस्कराहट और बढ़ेगी।"
राठौड़ ने कहा कि वह किसी भी स्थिति से भाग नहीं रहे हैं। उन्होंने मीडिया पर यह कहते हुए कीचड़ उछाला, "मैं न्यायिक प्रणाली को क्षति नहीं पहुंचाऊंगा, जैसा कि आप पहुंचा रहे हैं।" लेकिन राठौड़ ने अपने खिलाफ दायर मामलों के बारे में कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।
उसने कहा, "यदि आप चाहते हैं कि मैं उस बारे में कुछ बोलूं, जो कि न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा है और वह जांच के दायरे में है तो मैं कुछ भी नहीं बोलूंगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications