ज्योति बसु को देखने अस्पताल पहुंचे लालू और पासवान
कोलकाता, 13 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष राम विलास पासवान बुधवार को वयोवृद्ध मार्क्सवादी नेता ज्योति बसु का हाल जानने कोलकाता स्थित अस्पताल पहुंचे और उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना की।
इस मौके पर राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कहा, "ज्योति बसु एक महान नेता हैं। वह न केवल पश्चिम बंगाल के बल्कि पूरे देश के महान नेता हैं। यह उनकी महानता थी कि जब संयुक्त मोर्चा द्वारा वर्ष 1996 में उन्हें प्रधानमंत्री बनने का प्रस्ताव दिया गया था तो उन्होंने अपनी पार्टी के निर्देश पर उसे अस्वीकार कर दिया था। मैंने भगवान से उनके जल्दी ठीक होने की प्रार्थना की है।"
पूर्व केंद्रीय मंत्री पासवान ने कहा, "अब से 100 साल बाद लोग उन लोगों को भूला सकते हैं जो अभी तक प्रधानमंत्री बने हैं लेकिन बसु हमेशा लोगों के जेहन में बसे रहेंगे।"
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री 95 वर्षीय ज्योति बसु को निमोनिया की वजह से अस्पताल में भर्ती किया गया था। लेकिन अब उन्हें गहन ह्रदय चिकित्सा कक्ष (आईसीसीयू) में वेंटिलेटर पर रखा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications