कुंभ पर्व : श्रद्धालुओं के लिए विशेष रेलगाड़ियां
कुंभ में 14 जनवरी को होने जा रहे प्रथम स्नान से पूर्व बड़ी तादाद में श्रद्धालु यहां पहुंच चुके हैं। कुंभ मेले के लिए तीन विशेष रेलगाड़ियां भी चलाई जाएंगी। रेलवे का मानना है कि करीब 40 लाख यात्री रेल यातायात व्यवस्था का लाभ लेंगे। 1998 के कुंभ में 10 लाख यात्रियों ने रेल सेवा का लाभ उठाया था।
इस बार हरिद्वार, मातीपुर, ज्वालापुर, ऋषिकेश में भी बुकिंग केंद्र खोले गए हैं। भीड़ के कारण रेलगाड़ियों के फेरों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। तीन विशेष रेलगाड़ियों में लखनऊ से हरिद्वार, जम्मू तवी से हरिद्वार तथा अमृतसर से हरिद्वार तक चलाया जाएगा। ये रेलगाड़ियां 11 से 15 जनवरी, नौ से 13 फरवरी, 12 से 17 मार्च तक तथा 10 से 17 अप्रैल तक चलाई जाएंगी।
इसके अलावा इलाहाबाद से देहरादून एक्सप्रेस को हरिद्वार में ठहराव (स्टॉपेज) दिया गया है। देहरादून से इलाहाबाद, जम्मूतवी से ऋषिकेश, हेमकुंड एक्सप्रेस, गोरखपुर एक्सप्रेस, मुजफ्फरनगर- देहरादून, अमृतसर एक्सप्रेस, वाराणसी-देहरादून, बांद्रा-देहरादून, दिल्ली-ऋषिकेश एक्सप्रेस भी हरिद्वार में रुकेंगी। त्रिवेणी एक्सप्रेस हरिद्वार तक आएगी।
दिल्ली-शामली तक चलने वाली 3 एसडी और 6 एसडी, दिल्ली मेरठ, सहारनपुर रेलमार्ग पर चलने वाली एसएनएस और 2डीएनएस सवाड़ी गाड़ी भी हरिद्वार तक आएगी। दिल्ली से मुजफ्फरनगर तक चलने वाली एक डीएम व दो डीएम, शामली से सहारनपुर तक चलने वाली एक एसएसएस रेलगाड़ी भी हरिद्वार तक आएगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार कुंभ के लिए चलने वाली विशेष रेलगाड़ियां 24 कोच वाली होंगी। इस दौरान 11 रेलगाड़ियों को दिल्ली में रिजर्व भी रखा जाएगा। रेलगाड़ियों की यह व्यवस्था 14 जनवरी से 15 जनवरी के अतिरिक्त 9 से 13 फरवरी तक 12 से 17 मार्च तक 10 से 17 अप्रैल के बीच विशेष रूप से रहेगी। अन्य दिनों में भी यात्रियों की सुगमता के लिए रेलगाड़ियां चलेंगी।
रेलवे के पीआरओ ए. एस. नेगी का कहना है कि रेलवे कुंभ के दौरान यात्रियों को विशेष व्यवस्था देने पर जोर दे रहा है। इसके लिए अतिरिक्त अधिकारियों को तैनात किया गया है। आकस्मिक स्थिति के लिए रेलवे स्टेशनों पर प्राथमिक उपचार चौबीस घंटे काम करेंगे। उन्होंने यात्रियों से अपेक्षा की है कि वे कठिनाई की अवस्था में रेलवे स्टाफ से संपर्क करने के साथ ही अधिक जानकारी के लिए दूरभाष 139 व 131 संपर्क कर सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications