कुंभ पर्व : पुण्य कमाइए मगर संभलकर

हरिद्वार, 14 जनवरी (आईएएनएस)। दस साल बाद आ रहे कुंभ में इस बार करीब पांच करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। श्रद्धालुओं के लिए कुंभ के दौरान प्रमुख स्नान पर गंगा के पवित्र जल में डुबकी लगाना किसी सौभाग्य से कम नहीं होगा। लेकिन इसके साथ ही व्यक्तिगत सुरक्षा, रहन-सहन में सावधानी व सरकारी सेवाओं का जागरूक रहकर फायदा लेना भी प्रमुख है।

इस बार कुंभ में स्वास्थ्य के लिहाज से स्वाइन फलू व डेंगू का भय बना हुआ है। असामाजिक तत्वों से पल-पल सावधान रहने के साथ ही यात्रा को सुरक्षित बनाकर जोखिम से दूर रखना भी बहुत महत्वपूर्ण है।

कुंभ में स्वास्थ्य व्यवस्था व खानपान सुरक्षा : श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण है कि वे स्वास्थ्य की रक्षा के लिए सुरक्षित गुणवत्ता परख भोजन लें। डिब्बा बंद खाद्य सामग्री के अतिरिक्त खुली खाद्य सामग्री का सेवन जांच परख कर करें। कुंभ में 31 सेक्टरों में से 11 सेक्टरों में अस्थायी हेल्थ सेंटर बनाए गए हैं। 19 अन्य स्थानों पर मेडिकल रिलीफ सेंटर बनाए गए हैं। चार सदस्यीय टीम हर एंट्री प्वाइंट पर मुस्तैद रहेगी। ऋषिकेश-रूड़की में भी 50-50 बेड के आइसोलेशन वार्ड स्वाइन फ्लू से निपटने को बनाए गए हैं। दोनों जगह 20-20 वेंटिलेटर, 40 अतिरिक्त एंबुलेंस तैनान रहेगी। 65 एंबुलेंस अन्य स्थानों पर तैनात रहेंगी।

होटल-धर्मशालाओं में सावधानी बरतें : श्रद्धालु कुंभ के दौरान होटल धर्मशालाओं में एहतियात बरतें। यहां 300 से अधिक होटल व पांच सौ से अधिक धर्मशाला हैं। मेले के होटल संचालक लाभ का सीजन मानते हैं। श्रद्धालु जिस होटल में ठहर रहे हैं वहां अपने सामान की सुरक्षा करें। महत्वपूर्ण सामान प्रबंध तंत्र के पास जमा करा दें। होटल की साफ-सफाई व अन्य व्यवस्था के बारे में प्रबंध तंत्र को अवश्य बताएं।

बच्चों और बीमार लोगों को कुंभ न ले आएं : श्रद्धालु कठिनाई से बचने के लिए छोटे बच्चों व घर के बीमार लोगों को कुंभ मेले में लेकर न आएं क्योंकि यहां उन्हें दिक्कत होने पर आप भी परेशान हो सकते हैं।

कहां-कहां सावधानी बरतें : श्रद्धालु कुंभ मेले के माहौल की अपने शहरों के माहौल से तुलना करके न चलें। अजनबी लोगों की बातों में न आएं, किसी से प्रसाद के रूप में मिठाई व अन्य खाद्य सामग्री न लें। हो सकता है कि जहर खुरानी गिरोह आपको अपना शिकार बना ले। मोबाइल पर्स को सुरक्षित रखें। जेब व गले में अपना कोई आई-डी लटका कर चलें। एटीएम का प्रयोग सावधानी से करें। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने बारे में जानकारी व ठहरने का स्थान न बताएं। ऐसे स्थानों पर असामाजिक तत्व, जेबकतरे, ठग आपकी जान जोखिम में डाल सकते हैं।

किसकी सहायता लें : महाकुंभ में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आप 108 नंबर पर दूरभाष कर एंबुलेंस की तत्काल सहायता ले सकते हैं। रास्ते की जानकारी हमेशा सरकारी व्यक्ति या तैनात पुलिसकर्मी से ही लें। वे आपको सही जानकारी देंगे। किसी भी स्थिति में घबराये नहीं। व्यवस्था को समझकर सरकारी स्तर पर सरकारी विभाग व पुलिस फोर्स की सहायता लेने में देरी न करें।

भगदड़ व अफवाह से बचें : मेले में अधिकतर भगदड़ के कारण बड़े हादसे होते हैं। हालांकि इस बार असामान्य हादसों से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसी कारण अलग से एक प्रशासनिक मार्ग खाली रखा गया है। आने जाने के लिए सही रास्तों, पुलों व मेला नियमों के संकेतों का पालन करें। मेले की उद्घोषणा ध्यान से सुनें। भगदड़ की स्थिति में संयम से काम लें। बाहर जाने के रास्तों की सही जानकारी लें। मेले का मैप साथ रखें। किसी भी अफवाह से सावधान रहें।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+