भारत-म्यामांर सीमा पर नए हेलिपैड बनाने का प्रस्ताव (लीड-1)
नई दिल्ली, 13 जनवरी (आईएएनएस)। अर्ध सैन्य बल असम राइफल्स ने म्यांमार से लगी 1,600 किलोमीटर लंबी सीमा पर अपने जवानों की सुव्यवस्थित तैनाती के लिए देश के पूवरेत्तर राज्यों में 100 से अधिक हेलिपैड बनाने का प्रस्ताव केंद्र को सौंपा है। इससे इस दुर्गम सीमांत इलाके में सुरक्षा चौकसी बढ़ाने में मदद मिलेगी।
असम राइफल्स के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल के.एस.यादवा ने आईएएनएस को यहां बताया, "हमने 100 से अधिक हेलिपैड के निर्माण के लिए गृह मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा है। इनका निर्माण पूर्वोत्तर राज्यों में किया जाएगा। इससे जवानों की त्वरित तैनाती, चिकित्सकीय आपात सेवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने और खाद्यान्नों की आपूर्ति में मदद मिलेगी।"
यादवा ने कहा, "हमें उम्मीद है कि इस प्रस्ताव को वर्ष के अंत तक मंजूरी मिल जाएगी। इनका निर्माण भारत-म्यांमार सीमा पर किया जाएगा, क्योंकि यह सीमा बहुत लंबी और दुर्गम है। इस सीमा पर चंद किलोमीटर की दूरी तय करने में भी कई दिन लग जाते हैं। अगले 10 वर्षो में असम राइफल्स के सृजित होने वाले अतिरिक्त 24 बटालियनों की तैनाती में इससे मदद मिलेगी।"
यादवा ने कहा कि प्रति वर्ष तीन से चार बटालियन तैयार किए जाएंगे। सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं भी इस क्षेत्र में विकसित की जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इसके पीछे चीन के साथ शक्ति संतुलन बनाए रखने का उद्देश्य नहीं छिपा है। हमारा उद्देश्य म्यांमार सीमा पर पर्याप्त चौकसी बढ़ाना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications