सीबीआई ने सज्जन व अन्य के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किए(लीड-2)
नई दिल्ली, 13 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े दो मामलों में कांग्रेस के पूर्व सांसद सज्जन कुमार व अन्य के खिलाफ बुधवार को आरोप पत्र दाखिल किए हैं।
स्थानीय तीस हजारी अदालत में मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट कावेरी बावेजा के समक्ष दो आरोप पत्र दाखिल किए गए। यह पहला मौका है जब सीबीआई ने कुमार को आरोपी बनाया है।
पहला आरोप पत्र दिल्ली छावनी इलाके में पांच लोगों की हत्या से संबंधित है जबकि दूसरा सुल्तानपुरी क्षेत्र में दंगों के दौरान हुई कई लोगों की हत्याओं से संबंधित है।
सीबीआई ने कुमार तथा अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप पत्र दाखिल किए है, जिनमें हत्या, दंगे फैलाना और आपराधिक षडयंत्र रचने जैसे मामले शामिल हैं।
आरोप पत्र दाखिल होने के बाद अदालत ने संबंधित सभी मामलों को कड़कड़डुमा अदालत में अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट लोकेश कुमार को हस्तांतरित कर दिया। इस मामले की पहली सुनवाई 18 जनवरी को होगी।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के उपराज्यपाल तेजेंदर खन्ना ने पिछले दिनों 84 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामलों में कुमार के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति दी थी। उनकी अनुमति के बाद ही सीबीआई ने कुमार के खिलाफ ये आरोप पत्र दाखिल किए।
कुमार पर वर्ष 84 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली में भड़के सिख विरोधी दंगों के दौरान भीड़ को उकसाने सहित कई अन्य आरोप हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications