राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान गौ मांस न परोसा जाए : राजनाथ
राजनाथ ने इस संबंध में बुधवार को कलमाडी को एक पत्र भेजा और इसके जरिए यह आग्रह किया। राजनाथ ने पत्र में लिखा है, "दिल्ली नगर निगम ने राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान खिलाड़ियों को परोसी जाने वाली व्यंजनों की सूची से गौ मांस को हटाए जाने के संबंध में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया है। राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन जिन स्थानों पर होने हैं वे दिल्ली नगर निगम के अधीन आते हैं। यह प्रस्ताव सिर्फ दिल्ली ही नहीं देश भर के लोगों की सांस्कृतिक व धार्मिक भावनाओं को प्रदर्शित करता है।"
उन्होंने कहा, "देश में गाय को एक पवित्र दर्जा दिया गया है। गाय सदियों पुरानी हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रही है। यहां तक कि हमारे संविधान निर्माताओं ने भी गौ हत्या पर प्रतिबंध लगाए जाने की वकालत की है।"
राजनाथ ने कहा, "राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने आने वाले खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत होना चाहिए और उनके सत्कार में कोई कमी नहीं होनी चाहिए लेकिन इसके साथ ही हमें लोगों की भावनाओं का भी खयाल रखना चाहिए। इसलिए हम आयोजन समिति से आग्रह करते हैं कि वह व्यंजनों की सूची से गौ मांस को हटाए और लोगों की भावनाएं भड़कने की किसी भी संभावना को खत्म करे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications