हैती में शक्तिशाली भूकंप, सैंकड़ों के मारे जाने की आशंका (लीड-4)

राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस की 12 लाख से ज्यादा की आबादी भूकंप से सर्वाधिक प्रभावित हुई है। पूरे शहर में अंधेरा छाया है जिसकी वजह से मरने वालों की तादाद तथा नुकसान का अंदाजा लगाने में कठिनाई हो रही है। मलबे में बहुत से लोगों के दबे होने की आशंका है।

भूकंप में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय की इमारत, राष्ट्रपति आवास, एक अस्पताल की इमारत तथा अनेक सरकारी इमारते तथा होटलों के भवन ढह गए हैं। समाचार एजेंसी डीपीए ने हैती के टेलीविजन चैनल हैतीपॉल के हवाले से खबर दी है, "नेशनल पैलेस और वित्त, श्रम, संचार तथा संस्कृति मंत्रालयों की इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है।"

संयुक्त राष्ट्र के अवर महासचिव (शांतिरक्षक अभियान) एलन ली रॉय ने संवाददाताओं को बताया, "जहां तक हमें जानकारी मिली है कि 'होटल क्रिस्टोफर' नाम की संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय की इमारत ढह गई।"

रॉय ने कहा, "हमारे कुछ सैनिकों ने ढही इमारत को चारों ओर से घेर लिया है और वे लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।" यह इमारत 'युनाइटेड नेशंस स्टैबिलाइजेशन मिशन इन हैती' की थी।

पोर्ट-ओ-प्रिंस के बाहरी हिस्से में पेटियन विले इलाके में एक अस्पताल की इमारत ढह गई है। हताहतों के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं है। डोमिनिकल दूतावास के प्रवक्ता पॉस्टर वैस्कॉज ने बताया, "बहुत सी इमारते ढह गई हैं। लोग अपने रिश्तेदारों को ढूंढ रहे हैं। हर तरफ अफरा-तफरी है। सायरन बज रहे हैं। लोग बदहवासी में इधर-उधर दौड़ रहे हैं।"

टेलीविजन पर मलबे में फंसे लोगों को चीखते-चिल्लाते दिखाया गया है। भूकंप का केंद्र हैती की राजधानी पोर्ट-आउ-प्रिंस से 15 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम में था। भूकंप के तत्काल बाद 5.9 और 5.5 तीव्रता वाले दो और झटके महसूस किए गए। भूकंप की वजह से हैती का टेलीफोन संपर्क कट गया है।

अमेरिकी विदेश मंत्री हिलरी क्लिंटन ने इसे 'विनाशकारी भूकंप' करार दिया है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता फिलिप क्राउले ने कहा है कि इसमें बड़ी तादाद में लोगों के मारे जाने की आशंका है।

उन्होंने कहा कि सबसे पहले यह देखना होगा कि हवाई अड्डे की हालत कैसी है और किस समय अपने राहत दलों को विमान के जरिए वहां भेज सकते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राहत दल कैलीफोर्निया और वर्जीनिया में एकत्र हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हैती की राजधानी में अमेरिकी उप राजदूत डेविड लिंडवाल से संपर्क साधा गया है। भूकंप से अमेरिकी दूतावास को नुकसान नहीं पहुंचा है।

क्राउले ने कहा, "लिंडवाल ने दीवारों को ढहते देखा। इसमें बड़ी संख्या में लोग मारे गए अथवा घायल हुए हैं।"

उन्होंने कहा कि दूतावास अधिकारियों ने बताया कि इमारतें ढह गई हैं और बड़ी संख्या में शव मलबों में दबे हैं। उन्होंने कहा कि दूतावास के अधिकारी सभी कर्मचारियों की सुरक्षा की पुष्टि नहीं कर पाए हैं।

इस बीच अमेरिका में हैती के राजदूत रेमंड जोसेफ ने कहा है कि हैती के राष्ट्रपति रेने प्रेवाल और उनकी पत्नी सुरक्षित हैं। हालांकि राष्ट्रपति आवास और वाणिज्य मंत्रालय की इमारते नष्ट हो गई हैं। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी इमारते नष्ट हो सकती हैं तो पोर्ट-ओ-प्रिंस के आसपास की इमारतों के बारे में आप अंदाजा लगा ही सकते हैं।

उन्होंने सीएनएन से बातचीत में कहा कि भूकंप से बड़े पैमाने पर तबाही हुई है। उन्होंने कहा, "इस वक्त मैं सिर्फ प्रार्थना और बेहतरी की उम्मीद कर सकता हूं।"

उनके इस बयान के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि अमेरिका इस आपदा में हैती को मदद मुहैया कराने के लिए तैयार है।

ओबामा ने कहा, "हम स्थिति पर नजदीकी नजर बनाए हुए हैं और हैती के लोगों की मदद के लिए हम तैयार हैं।"

फ्रांस ने मानवीय सहायता के साथ दो विमान तथा 60 राहतकर्मी तत्काल हैती भेजने की घोषणा की है। ब्रिटेन और जर्मनी ने भी सहायता का वायदा किया है। ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लुला डि सिल्वा ने कहा है कि जितनी ज्यादा से ज्यादा हो सके हैती में सहायता भिजवाई जाए।

फिलीपींस ने हैती में मौजूद अपने नागरिकों और शांति सैनिकों के कुशलता के लिए चिंता जाहिर की है। विदेश विभाग ने कहा है कि दूतावास हैती में मौजूद अपने देश के 626 नागरिकों से संपर्क साधने में विफल रहा है।

उधर, वेनेजुएला के विदेश मंत्री निकोलस माडुरो ने कहा कि राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज ने हैती के लिए तत्काल सहायता सामग्री और खोजी व बचाव दलों को भेजने का निर्देश दिया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+