इंसान की तरह परिंदों की याददाश्त भी बढ़ाती है नींद
लंदन, 13 जनवरी (आईएएनएस)। कहा जाता है कि नींद एक टॉनिक है जो इंसान के दिमाग में पैठ बनाने वाली सूचनाओं और कार्य अनुभवों को लुप्त होने से बचाती है। अब शोधकर्ताओं ने यह निष्कर्ष भी निकाला है कि नींद पक्षियों की स्मरण शक्ति पर भी ऐसा ही सकारात्मक असर डालती है।
यह एक ऐसा शोध है जिससे दिमागी संक्रियाओं के कई रहस्यों पर से पर्दा उठाने और दिमाग में सूचनाओं के संग्रहण की बारीकियां समझने में मदद मिलेगी। शिकागो विश्वविद्यालय के स्नातक छात्र टिमोथी ब्राउन के नेतृत्व में यह शोध किया गया है। उन्होंने कहा, "हम यह जानना चाहते थे कि नींद याददाश्त को किस तरह प्रभावित करती है।"
उन्होंने पक्षियों पर नींद के असर का अध्ययन करने के लिए एक बेहद मुखर पक्षी स्टार्लिग का चयन किया। इससे पहले उन्होंने पशुओं को इसके लिए चुना था, पर निष्कर्ष अस्पष्ट रहा।
स्टार्लिग को पांच सेकंड के दो बर्ड सौंग में फर्क को समझने का प्रशिक्षण दिया गया। जिन पक्षियों ने पूरी नींद ली थी, उनमें इस फर्क को समझने की क्षमता ज्यादा पाई गई। इसके बाद इस निष्कर्ष का इंसान पर किए गए एक पूर्ववर्ती शोध के नतीजे से मिलान किया गया।
इससे पता चला कि इंसान और पक्षी को अपनी याददाश्त बनाए रखने के लिए नींद की जरूरत पड़ती है। इस नतीजे को जर्नल ऑफ न्यूरोसाइंस में प्रकाशित किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications