महंगाई पर होगा मुख्यमंत्रियों का सम्मेलन (लीड-1)
नई दिल्ली, 13 जनवरी (आईएएनएस)। आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के मद्देनजर केंद्र सरकार ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों का सम्मेलन बुलाने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्रियों का यह सम्मेलन 27 जनवरी को होगा, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह करेंगे। इसमें बढ़ती महंगाई पर लगाम कसने के संबंध में राज्य सरकारों से विस्तार से चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्रियों का यह सम्मेलन बुलाने का फैसला किया गया। बैठक के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार ने यह जानकारी दी।
उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री इस बैठक में मुख्यमंत्रियों से आवश्यक वस्तु अधिनियम के क्रियान्वयन के संबंध में भी बातचीत करेंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से राज्यों को जो चावल व गेहूं उपलब्ध कराए गए हैं, राज्य सरकारें उन्हें नहीं ले जा रही हैं।
पवार ने कहा कि राज्य सरकारों से कहा गया है वे जमाखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। "मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में इसकी भी समीक्षा की जाएगी।"
उन्होंने कहा कि गन्ना और चीनी गैरकानूनी तरीके से भारत से नेपाल भेजे जा रहे हैं, इसे रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications