छत्तीसगढ़ विद्युत परियोजना पर मार्च तक काम शुरू करेगी जीएमआर
रायपुर, 13 जनवरी (आईएएनएस)। जीएमआर इंफ्रास्ट्रक्च र की इकाई जीएमआर एनर्जी लिमिटेड छत्तीसगढ़ में 1,200 मेगावाट तापीय विद्युत परियोजना पर मार्च तक काम शुरू कर देगी। यह जानकारी कंपनी के एक अधिकारी ने बुधवार को दी।
जीएमआर एनर्जी ने 1,200 मेगावाट की इस विद्युत परियोजना के लिए जून 2007 में समझौता किया था। परियोजना के तहत 600 मेगावाट की दो इकाइयां स्थापित की जानी हैं। यह परियोजना रायपुर जिले के रायखेडा इलाके में स्थापित होगी।
कंपनी के प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया, "निर्माण कार्य मार्च तक शुरू हो जाएगा। पहली इकाई निर्माण कार्य शुरू होने के 45 महीनों के बाद काम करना शुरू कर देगी और दूसरी इकाई 50 महीनों के बाद।"
प्रवक्ता ने कहा कि 6,000 करोड़ लागत वाली इस परियोजना के लिए लगभग 1,000 एकड़ भूमि की आवश्यकता है और कंपनी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने के करीब है।
अधिकारी ने बताया कि इस विद्युत परियोजना को पानी महानदी से प्राप्त होगा। यह नदी प्रस्तावित परियोजना स्थल से कोई 40 किलोमीटर दूर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications