हैती में भूकंप से भारी तबाही की आशंका, संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय ढहा (लीड-3)
न्यूयार्क, 13 जनवरी (आईएएनएस)। कैरेबियाई देश हैती में मंगलवार को रिक्टर पैमाने पर सात की तीव्रता वाले भूकंप के शक्तिशाली झटके महसूस किए गए। भूकंप की वजह से बड़ी संख्या में मकान और संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय सहित कई इमारतें ध्वस्त हो गईं।
संयुक्त राष्ट्र के अवर महासचिव (शांतिरक्षक अभियान) एलन ली रॉय ने संवाददाताओं को बताया, "जहां तक हमें जानकारी मिली है कि 'होटल क्रिस्टोफर' नाम की संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय की इमारत ढह गई।"
रॉय ने कहा, "हमारे कुछ सैनिकों ने ढही इमारत को चारों ओर से घेर लिया है और वे लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।" यह इमारत 'युनाइटेड नेशंस स्टैबिलाइजेशन मिशन इन हैती' की थी।
उधर, भूकंप से एक अस्पताल की इमारत तथा हैती के राष्ट्रपति आवास सहित अनेक सरकारी इमारतों को क्षति पहुंची। समाचार एजेंसी डीपीए ने हैती के टेलीविजन चैनल हैतीपॉल के हवाले से खबर दी है, "नेशनल पैलेस और वित्त, श्रम, संचार तथा संस्कृति मंत्रालयों की इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है।"
पोर्ट-ओ-प्रिंस के बाहरी हिस्से में पेटियन विले इलाके में एक अस्पताल की इमारत ढह गई है। हताहतों के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं है। डोमिनिकल दूतावास के प्रवक्ता पॉस्टर वैस्कॉज ने बताया, "बहुत सी इमारते ढह गई हैं। लोगों अपने रिश्तेदारों को ढूंढ रहे हैं। हर तरफ अफरा-तफरी है। साइरन बज रहे हैं। लोग बदहवासी में इधर-उधर दौड़ रहे हैं।"
भूकंप का केंद्र हैती की राजधानी पोर्ट-आउ-प्रिंस से 15 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम में था। भूकंप के तत्काल बाद 5.9 और 5.5 तीव्रता वाले दो और झटके महसूस किए गए। भूकंप की वजह से हैती का टेलीफोन संपर्क कट गया है। हैती की आबादी लगभग 90 लाख है।
अमेरिका ने आशंका जताई है कि हैती में आए इस शक्तिशाली भूकंप में बड़े पैमाने पर लोग हताहत हुए हैं। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता फिलिप क्राउले ने कहा कि हैती राजधानी में अमेरिकी उप राजदूत डेविड लिंडवाल से संपर्क साधा गया है। भूकंप से अमेरिकी दूतावास को नुकसान नहीं पहुंचा है।
क्राउले ने कहा, "लिंडवाल ने दीवारों को ढहते देखा। इसमें बड़ी संख्या में लोग मारे गए अथवा घायल हुए हैं।"
उन्होंने कहा कि दूतावास अधिकारियों ने बताया कि इमारतें ढह गई हैं और बड़े संख्या में शव मलबों में दबे हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री हिलरी क्लिंटन ने इसे 'विनाशकारी भूकंप' करार दिया।
इससे पहले अमेरिका में हैती के राजदूत रेमंड एलिसाइड ने बताया कि भूकंप से भारी तबाही हुई है। उन्होंने कहा कि भूकंप के दौरान वह अपने घर लौट रहे थे। राजदूत ने कहा कि वाहन से उतरने के बाद उन्होंने देखा कि सड़क दोनों ओर मकान हिल रहे थे और जब एक पुल पर चढ़े तो वह भी बहुत तेजी से हिल रहा था।
दूसरी ओर अमेरिका में हैती के राजदूत रेमंड जोसेफ ने मदद की अपील की है। उन्होंने सीएनएन से बातचीत में कहा कि कहा कि भूकंप से बड़े पैमाने पर तबाही हुई है। उन्होंने कहा, "इस वक्त मैं सिर्फ प्रार्थना और बेहतरी की उम्मीद कर सकता हूं।"
उनके इस बयान के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि अमेरिका इस आपदा में हैती को मदद मुहैया कराने के लिए तैयार है।
ओबामा ने कहा, "हम स्थिति पर नजदीकी नजर बनाए हुए हैं और हैती के लोगों की मदद के लिए हम तैयार हैं।"
उधर, वेनेजुएला के विदेश मंत्री निकोलस माडुरो ने कहा कि राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज ने हैती के लिए तत्काल सहायता सामग्री और खोजी व बचाव दलों को भेजने का निर्देश दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications