ओबामा के कार्य प्रदर्शन के मसले पर विभाजित हैं अमेरिकी
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 13 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी इतिहास के प्रथम अश्वेत राष्ट्रपति बराक ओबामा के अब तक के कार्य प्रदर्शन को लेकर अमेरिकियों की राय जुदा है। एक ओर जहां 48 फीसदी अमेरिकियों की राय है ओबामा का अब तक का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है, वहीं 47 फीसदी अमेरिकियों ने ओबामा के अब तक के कार्यकाल को सफल करार दिया है। एक नए सर्वेक्षण के नतीजे से इसकी पुष्टि होती है।
सीएनएन/ओपिनियन रिसर्च कॉरपोरेशन का यह सर्वे नतीजा ऐसे वक्त आया है जब ह्वाइट हाउस में ओबामा का एक साल पूरा होने में महज आठ दिन रह गए है।
सर्वे के मुताबिक अमेरिकियों के लिए अर्थव्यवस्था नंबर एक मसला है। 47 फीसदी लोगों ने इसे देश के लिए सर्वाधिक महत्वपूर्ण मसला बताया। पिछले महीने की तुलना में ऐसे लोगों की तादाद में सात फीसदी का इजाफा हुआ है।
अमेरिकियों के लिए दूसरा सर्वाधिक महत्वपूर्ण मसला स्वास्थ्य है। राजकोषीय घाटा और आतंकवाद अमेरिकियों के लिए तीसरे सर्वाधिक महत्वपूर्ण मसले हैं। दोनों को महत्वपूर्ण मसला मानने वाले लोगों की प्रतिशतता 11 है। घरेलू मसलों के ज्यादा महत्वपूर्ण होने के कारण ओबामा की लोकप्रियता में थोड़ी कमी आई है, क्योंकि लोगों का मानना है कि इस मोर्चे पर उनका प्रदर्शन उम्मीद से कम रहा है।
सिर्फ 44 फीसदी लोग ही अर्थव्यवस्था को संभालने के ओबामा के तौर-तरीके को पसंद करते हैं, जबकि प्रत्येक 10 में से चार व्यक्तियों ने स्वास्थ्य के मोच्रे पर ओबामा प्रशासन की उपलब्धियों को सराहा है। संघीय राजकोषीय घाटे के मसले पर सिर्फ 36 फीसदी लोग ही उनसे संतुष्ट हैं। सीएनएन के सर्वेक्षण विदेशक कीटिंग हॉलैंड ने कहा, "इस सर्वेक्षण से पता चलता है कि ओबामा के प्रदर्शन पर देश की जनता विभाजित है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications