तेलंगाना पर फिर हंगामा

तेलंगाना के मुद्दे पर लगातार तीसरे दिन लोकसभा में हंगामा हुआ है और सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी है.
गुरुवार को लोकसभा में बोडोलैंड को लेकर भी नारे लगाए गए.
वैसे इन दोनों के अलावा महिला आरक्षण के मामले ने भी सदन की कार्यवाही में बाधा डाली.
बुधवार को तेलंगाना और महंगाई के मुद्दे पर हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित करनी पड़ी थी.
गुरुवार को सदन की कार्यवाही पहले 11 बजे और फिर 12.15 बजे स्थगित करनी पड़ी. इसके बाद दो बजे कार्यवाही फिर शुरु हुई तो मुश्किल से दस मिनट में ही दिन भर के लिए स्थगित हो गई.
सुबह सदन की कार्यवाही शुरु हुई तटीय आंध्रप्रदेश और रायलसीमा क्षेत्र के तेलुगु देशम पार्टी के सांसदों ने तेलंगाना राज्य के गठन के ख़िलाफ़ नारे लगाने शुरु कर दिए.
वे नारे लगाते हुए अध्यक्ष के आसन के पास भी पहुंच गए.
इसके जवाब में तेलंगाना क्षेत्र से आए कांग्रेस सांसदों ने तेलंगाना के पक्ष में नारे लगाए.
दिलचस्प यह था कि दोनों ही दलों में तेलंगाना के मुद्दे पर विभाजन नज़र आया. तेलुगुदेशम के तेलंगाना क्षेत्र के सांसद ने तेलंगाना के पक्ष में अपनी बात कहने की कोशिश की तो तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा से चुनकर आए कांग्रेस सांसद अविभाजित आंध्रप्रदेश के पक्ष में नारे लगाते हुए देखे गए.
इस हंगामे के बीच बोडोलैंड पीपुल्स फ़्रंट के सदस्य एसके विश्वमुथियारी भी संसद के आसन के पास पहुँचकर पृथक बोडोलैंड की मांग करते रहे.












Click it and Unblock the Notifications