हिरण की खाल के साथ तस्कर गिरफ्तार
लखनऊ, 17 दिसंबर(आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पुलिस ने वन्य जीवों की खालों के तस्करी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को हिरण की खाल के साथ गिरफ्तार किया है।
जिले के शुकुल बाजार थाना-प्रभारी धीरेंद्र कुमार शुक्ला ने गुरुवार को वहां संवाददाताओं को बताया कि सूचना के आधार पर बुधवार रात रीछघाट पुल पर पुलिस ने जुगनू नाम के व्यक्ति को हिरण की खाल के साथ गिरफ्तार किया। उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। अभियुक्त के साथियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
शुक्ला के मुताबिक अभियुक्त ने प्रारंभिक पूछताछ में कबूला कि वह पिछले करीब 10 वर्षो से वन्य जीवों की खालों की तस्करी के धंधे में लिप्त है। बरामद हिरण की खाल को वह और उसके सहयोगी फैजाबाद के एक व्यापारी को पहुंचाने जा रहे थे, जहां से इसे नेपाल भेजा जाना था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications