आंखों और मुंह के विन्यास से तय होती है खूबसूरती
युनीवर्सिटी ऑफ केलिफोर्निया, सेन डियागो (यूसीएसडी) और युनीवर्सिटी ऑफ टोरंटो (यूटी) के शोधकर्ताओं के मुताबिक दोनों आंखों के बीच की दूरी और आंखों व मुंह के बीच की दूरी चेहरे की खूबसूरती को निर्धारित करने वाले महत्वपूर्ण कारक हैं।
यूसीएसडी की पामेला पैलिट और स्टीफन लिंक व यूटी के कैंग ली ने चेहरे पर नैन-नक्श के एक आदर्श विन्यास का अध्ययन किया। उन्होंने एक व्यक्ति की खूबसूरती के लिए आंखों, मुंह और चेहरे के अन्य हिस्सों के बीच एक संबंध की पहचान की है।
शोधकर्ताओं ने चार अलग-अलग प्रयोगों में विश्वविद्यालय के छात्रों से समान चेहरे वाली लेकिन दोनों आंखों और आंख व मुंह के बीच अलग-अलग दूरी वाली महिलाओं के चेहरों की तुलना करने के लिए कहा था।
यूटी के प्रोफेसर ली का कहना है, "हम पहले से जानते हैं कि चेहरे की अलग-अलग विशेषताएं जैसे बड़ी आंखें या भरे हुए होंठ एक महिला के चेहरे को आकर्षक बनाते हैं।"
उन्होंने कहा, "हमारा अध्ययन यह भी बताता है कि क्यों बाल छोटे होने पर एक आकर्षक चेहरा कभी अनाकर्षक या अनाकर्षक चेहरा आकर्षक दिखने लगता है। हेयरस्टाइल बदलने से चेहरे का अनुपात बदल जाता है।"
शोधकर्ताओं ने दो 'सुनहरे अनुपात' पेश किए हैं। इनमें से एक लंबाई पर और दूसरा चौड़ाई पर निर्भर करता है। जब महिला के चेहरे पर उसकी दोनों आंखों और मुंह के बीच ऊध्र्वाधर दूरी चेहरे की लंबाई की 36 प्रतिशत और आंखों के बीच की क्षैतिज दूरी चेहरे की चौड़ाई की 46 प्रतिशत होती है तब चेहरे को आकर्षक माना जाता है। यह एक दिलचस्प बात है कि यह अनुपात एक औसत चेहरे के अनुपात जैसा है।
पत्रिका 'विजन रिसर्च' में इस अध्ययन के परिणाम प्रकाशित हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications