श्रीनगर में बंद के दौरान हिंसा, 100 घायल

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि घायल 59 पुलिसकर्मियों में से 20 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिसमें कुछ अधिकारी भी शामिल हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर के मैसुमा और लाल चौक इलाके में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया। उन्होंने कहा, "पुलिस को स्थिति काबू में लाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और लाठी चार्ज करना पड़ा।"
झड़प के दौरान 14 वर्षीय किशोर फैजान उस समय गंभीर रूप से घायल हो गया जब पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठियां भांजी और आंसू गैस के गोले छोड़े।
फैजान को अस्पताल में दाखिल करा दिया गया जहां उसका तत्काल ऑपरेशन किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि किशोर को गंभीर चोटे आई हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस बात से इंकार किया है कि किशोर गोली लगने से घायल हुआ है।
बंद का आह्वान अलगाववादी संगठन हुर्रियत कांफ्रेंस के कट्टरपंथी धड़े के नेता सैयद अली शाह गिलानी ने किया। यहां दुकानें, कारोबार और शैक्षणिक संस्थान बंद रहे। बैंकों और सरकारी दफ्तरों में भी उपस्थिति कम रही। ज्यादातर इलाकों में बंद से यातायात भी प्रभावित हुआ।
उधर, विगत चार दिसंबर को एक हमले में घायल हुए उदारवादी धड़े के नेता फजल हक कुरैशी की हालत में काफी सुधार हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications