'नोबेल पुरस्कार लक्ष्य नहीं था'

Venky
डॉक्टर वेंकटरामन रामाकृष्णन कहते हैं कि "मैं अपने मरने से पहले बंगलौर जाने के लिए वीज़ा लेने वाले लोगों की लंबी क़तार देखना चाहता हूँ". अमरीका में विज्ञान की उच्च शिक्षा हासिल करने और इस वर्ष केमिस्ट्री के लिए दो अन्य वैज्ञानिकों के साथ नोबेल पुरस्कार पाने वाले भारतीय मूल के 'आशावादी वैज्ञानिक' का मानना है कि "भारत के कई उच्च शिक्षा संस्थान विश्व स्तर का काम कर रहे हैं".

तमिलनाडु के तीर्थनगर चिदंबरम में विज्ञान पढ़ाने वाले माता-पिता के घर पैदा हुए रामाकृष्णन सिर्फ़ 19 साल की उम्र में बीएसी की परीक्षा देने के बाद अमरीका चले गए थे और पिछले दस वर्षों से ब्रिटेन के कैम्ब्रिज में रहते हैं. कैम्ब्रिज की प्रतिष्ठित लेबोरेट्री ऑफ़ मॉल्युकुलर बायोलॉजी में स्ट्रक्चरल स्टडीज़ विभाग में डीएनए के भीतर छिपे अति सूक्ष्म राइबोज़ोम का अध्ययन करने वाले 'डॉक्टर वेंकी'कहते हैं कि उन्होंने जब राइबोज़ोम पर शोध करने का फ़ैसला किया था तब "यह बहुत जोखिम भरा काम था और सफलता मिलेगी या नहीं इसका बिल्कुल अंदाज़ा नहीं था".

उनका मानना है कि वैज्ञानिक शोध करने के लिए बहुत धीरज की ज़रूरत होती है, वे कहते हैं, "लोग मज़ाक में कहते हैं कि मॉल्युकुलर बायोलॉजी में वैज्ञानिक छोटी-छोटी परखनलियों में एक बूंद तरल लेकर उसे इधर से उधर करते रहते हैं." बीस साल तक परिणाम की परवाह किए बग़ैर राइबोज़ोम की एटोमिक संरचना का अध्ययन करते रहने वाले डॉक्टर वेंकी मानते हैं कि यह सिर्फ़ अदम्य जिज्ञासा और गहरे आशावाद के बूते ही संभव है.

वे कहते हैं, "यह सोचना ग़लत है कि नोबेल पुरस्कार कोई लक्ष्य था जिसके हासिल होने के बाद काम बंद हो जाएगा, कोई वैज्ञानिक नोबेल पुरस्कार पाने के लिए काम नहीं करता, अगर कोई करता है तो वह निरा पागल ही है, वैज्ञानिक को नोबेल पुरस्कार से काम करने की शक्ति नहीं मिलती उसे अपने शोध की गंभीरता का एहसास सतत क्रियाशील रखता है. "

रोज़ साइकिल चलाकर अपनी प्रयोगशाला पहुँचने वाले इस सादगी-पसंद वैज्ञानिक का मानना है कि नोबेल पुरस्कार मिलने की घोषणा से उनके 'रोज़मर्रा के जीवन में पैदा हुई हलचल'अब थम जाएगी, अगले कुछ समय में उनका जीवन समान्य हो जाएगा और वे अपना पूरा ध्यान अपने प्रिय विषय राइबोज़ोम पर केंद्रित कर पाएँगे.

सिर्फ़ तीन साल की उम्र में चिदंबरम को अलविदा कहकर वे अपने वैज्ञानिक पिता के साथ बड़ौदा चले गए थे, वे आज भी बड़ौदा में मिली शिक्षा और अपने शिक्षकों को बहुत कृतज्ञता से याद करते हैं, "बड़ौदा में मुझे बहुत अच्छी शिक्षा मिली जिसने मुझे एक वैज्ञानिक जीवन के लिए तैयार किया".

डॉक्टर वेंकटरामन रात-दिन प्रयोगशाला में सिर खपाने वाले वैज्ञानिकों की छवि से काफ़ी अलग हैं, वे कहते हैं, "मैं आठ-दस घंटे से ज्यादा काम नहीं करता क्योंकि उसके बाद मैं थक जाता हूँ, थक जाने पर ग़लतियाँ अधिक होती हैं. हम मनुष्य हैं, हमें नींद की और आराम की ज़रूरत होती है."

वे कहते हैं कि कोई भी बहुत लंबे समय तक रात-दिन काम नहीं कर सकता लेकिन ऐसा वक़्त वैज्ञानिकों के जीवन में अक्सर आता है जब वे अपने काम में गहरे खो जाते हैं, वे कहते हैं, "अक्सर ऐसा होता है कि जब मैं घर जाता हूँ तब भी किसी वैज्ञानिक सवाल के बारे में सोच रहा होता हूँ, कभी-कभी मेरे परिवार के लोग इससे झल्ला जाते हैं क्योंकि मेरा ध्यान उनकी बातों पर नहीं होता."

डॉक्टर वेंकी मानते हैं कि उनकी पहचान के सवाल में 'तिहरा उलझाव' है. वे कहते हैं, "जब लोग मुझसे पूछते हैं कि आप कहाँ से हैं, तो मैं कहता हूँ कि मैं भारतीय मूल का अमरीकी हूँ और ब्रिटेन में रहता हूँ. वैसे मैं जवाब कुछ भी दूँ, भारतीय और ब्रितानी दोनों ही, मुझे हर हाल में भारतीय समझते हैं. लेकिन अमरीका में ऐसा नहीं है, अमरीका में आपका जातीय मूल से तय नहीं होता कि आप कौन हैं, अगर आपने अमरीका को अपना लिया है तो अमरीका भी आपको अपना मान लेता है".

बड़ौदा की एमस यूनिवर्सिटी, कैलिफ़ोर्निया, य़ूटा और कैम्ब्रिज के उच्च वैज्ञानिक शिक्षण संस्थानों से जुड़े रहने वाले डॉक्टर वेंकी कहते हैं, "वैसे तीनों ही देशों ने मेरे जीवन में, मेरे करियर में बहुत योगदान किया है, मैं मानता हूँ कि तीनों ही मेरे देश हैं."

कर्नाटक संगीत सुनने के शौक़ीन इस वैज्ञानिक का कहना है कि "मेरे अंदर अपनी भारतीय जड़ों का एहसास बहुत गहरा है, मेरे अंदर बहुत सारी बातें हैं जो बिल्कुल भारतीय हैं जैसे कि मैं शाकाहारी हूँ. मेरा ढाँचा हमेशा भारतीय ही रहेगा. लेकिन कुछ चीज़ों के मामले में मेरा रवैया अमरीकी है और कैम्ब्रिज में रहना मुझे अच्छा लगता है इसलिए यह काफ़ी जटिल मामला है".

भारत में हो रही तरक्की को लेकर आशावान डॉक्टर वेंकी मानते हैं कि भारत सही दिशा में जा रहा है लेकिन बहुत काम करने की ज़रूरत है. वे कहते हैं, "मैं वैज्ञानिक हूँ और वैज्ञानिक स्वभाव से आशावादी होते हैं मुझे लगता है कि भारत एक आर्थिक और वैज्ञानिक शक्ति के रूप में उभरेगा".

1971 से 1999 के बीच सिर्फ़ तीन बार भारत गए डॉक्टर वेंकी कहते हैं, "पिछले कुछ सालों से मेरा भारत जाना बहुत अधिक हो गया है, कुछ सालों से लगभग हर क्रिसमस ब्रेक मैंने भारत में बिताया है. मेरी सारी भारत यात्रा वैज्ञानिक गतिविधियों से जुड़ी होती हैं, मुझे भारत के वैज्ञानिकों से मिलना काफ़ी अच्छा लगता है. स्टॉकहोम में अवार्ड लेने के सिर्फ़ एक दिन बाद मैं भारत जा रहा हूँ".

ख़ाली समय में किताबें पढ़ने और फ़िल्में देखने के शौक़ीन वैज्ञानिक डॉक्टर वेंकी को अँगरेज़ी में लिखने वाले भारतीय लेखकों को पढ़ना भी अच्छा लगता है, अल्फ्रेड हिचकॉक के फ़ैन का कहना है, "बड़े ब्लॉकबस्टर्स के मुकाबले जो छोटी छोटी फ़िल्में होती हैं वे मुझे अधिक भाती हैं."

बीस साल से राइबोज़ोम के अध्ययन में लगे रहने का ये मतलब नहीं है कि वे अपने जीवन में कुछ नया नहीं सीख रहे, डॉक्टर वेंकी अपनी प्रयोगशाला में मौजूद एक स्पेनी वैज्ञानिक से मुस्कुराकर कहते हैं, "जल्दी ही मेरी स्पैनिश की परीक्षा आने वाली है मुझे तुम्हारे साथ थोड़ी प्रैक्टिस करनी होगी."

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+