असम में धमाका, 4 मरे, 35 घायल

असम में पुलिस ने कहा है कि सेना के बड़े अड्डे के नज़दीक एक बाज़ार में धमाका हुआ है जिसमें कम से कम चार लोग मारे गए हैं.
पुलिस अधिकारी भास्करज्योति महंता ने बीबीसी को बताया, “ये धमाका मिसमारी बाज़ार में हुआ. बाज़ार फ़ोर्थ इंडियन आर्मी कोर्प्स के मुख्यालय के पास ही है. यहाँ से राज्य में अलगाववादी निरोधक अभियान की निगरानी की जाती है. साथ ही चीन सीमा पर भी यहीं से नज़र रखी जाती है."
उन्होंने कहा, “ऐसा लगता है कि जिन लोगों ने बम रखा था वो सैनिकों को अपना निशाना बनाना चाहते थे क्योंकि सैनिक बाज़ार में अकसर आते रहते हैं." बाज़ार में पैदल जा रहे चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया जबकि 35 लोग घायल हुए हैं. कुछ लोगों की हालत गंभीर है.
नेताओं की गिरफ़्तारी
ख़ुफि़या विभाग के अधिकारियों ने शक जताया है कि इसमें उल्फ़ा का हाथ है. उल्फ़ा के कई बड़े नेताओं को बांग्लादेश में पकड़ा जा चुका है और भारत को सौंपा गया है.
उल्फ़ा के दो बड़े नेताओं- सशधर चौधरी और चित्रबन हज़ारिका की बांग्लादेश में गिरफ़्तारी के बाद भी 22 नवंबर को असम में ऐसा ही धमाका हुआ था.
गुरुवार का ये धमाका भी ऐसे समय हुआ है जब कुछ दिन पहले ही उल्फ़ा के चेयरमैन अरंबिद राजखोवा और राजू बरुआ को बांग्लादेश में पकड़ा गया है और असम पुलिस को सौंप दिया गया है. लेकिन उल्फ़ा ने धमाके पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
इस बीच उल्फ़ा की सशस्त्र शाखा के प्रमुख परेश बरुआ ने बीबीसी से बातचीत में कहा था कि अगर भारत सरकार कोई पूर्व शर्त नहीं रखती है तो वे बात करने के लिए तैयार हैं.












Click it and Unblock the Notifications