रूस में भीषण आग, 98 झुलसे, कई घायल

रूस के छठे सबसे बड़े शहर पर्म में एक क्लब में धमाका हुआ है. इसके आग लग जाने से 94 लोग मारे गए हैं और लगभग सौ लोग घायल हुए हैं. एक प्रवक्ता का कहना था कि अनेक लोग आग में झुलस गए जबकि कई अन्य की घुँए के कारण मृत्यु हो गई.
रूस की सरकार ने कहा है कि ये 'आतंकवादी घटना' नहीं है. सरकार का कहना है कि एक प्राइवेट पार्टी के दौरान हुई पटाखे फोड़े जाने के कारण धमाका हुआ जिसके कारण आग लग गई. पर्म मॉस्को से 1400 किलोमीटर पूर्व में स्थित है और इसकी जनसंख्या लगभग 12 लाख है. पर्म की आपातकाल सेवा के अनुसार लेम हॉर्स नाईट क्लब में 200 लोग क्लब के आठ साल पूरे होने के मौके पर एकत्र हुए थे.
क्षेत्रीय सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री इगोर ऑर्लोव ने समाचार एजेंसी इतर-तास को बताया, "घटनास्थल पर पटाखे फोड़े गए और उन में से एक प्लास्टिक की छत पर जा लगा जिससे आग लग गई. लोगों में अफ़रा-तफ़री मच गई और कई आग में झुलसने से, भगदड़ के कारण और ज़हरीली गैसें निकलने से मारे गए."
रूसी टीवी वेस्टा-24 ने क्लब के बार सड़क पर एक के एक ऊपर एक पड़े शवों की तस्वीरें दिखाई हैं. प्रॉसीक्यूटर जनरल के जाँच दल के एक प्रवक्ता ने कहा है कि ये 'आतंकवादी घटना' नहीं है. उनका कहना था, "हम अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन न किए जाने के बारे में बात कर रहे हैं."
रूसी प्रधानमंत्री के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव कहा कहना है कि गंभीर रूप से घायल हुए लोगों के लिए दो हेलिकॉप्टर उपलब्ध कराए गए हैं ताकि उन्हें इलाज के लिए ले जाया जाए और सरकारी अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुँच रहे हैं.












Click it and Unblock the Notifications