लुधियाना में पुलिस फ़ायरिंग, 4 की मौत

असित जौली
चंडीगढ़, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
पंजाब के लुधियाना शहर में शुक्रवार को हुई हिंसा के बाद शनिवार को हिंसा का नया दौर शुरू हो गया है. दिव्य ज्योति जागरण संस्थान के आशुतोष महाराज के समागम का विरोध कर रहे कट्टरपंथी सिखों पर हुई पुलिस फ़ायरिंग में चार लोग मारे गए हैं और 13 अन्य घायल हुए हैं.
आशुतोष महाराज का दिव्य ज्योति जागरण संस्थान पंजाब में काफ़ी लोकप्रिय है और हिंदुओं के साथ-साथ सिखों में भी इसकी अच्छी-ख़ासी पैठ है. लेकिन कट्टरपंथी सिख लुधियाना में शनिवार से शुरू होने वाले समागम का विरोध कर रहे थे.
शुक्रवार को ही आशुतोष महाराज की शोभा यात्रा होने वाली थी, लेकिन ग़ैर पंजाबी मज़दूरों के ख़िलाफ़ हुई हिंसा के कारण इसे टाल दिया गया था. शनिवार सुबह आशुतोष महाराज का समागम शुरू हुआ. हालाँकि कट्टरपंथी सिखों ने चेतावनी दी थी कि वे ऐसा नहीं होने देंगे.
विरोध प्रदर्शन आशुतोष महाराज का समागम शुरू होने के बाद लुधियाना के एक गुरुद्वारे में कट्टरपंथी सिख इकट्ठा हुए और इस समागम के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़कों पर उतर आए.
आशुतोष महाराज का समागम शुरू होने के बाद लुधियाना के एक गुरुद्वारे में कट्टरपंथी सिख इकट्ठा हुए और इस समागम के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़कों पर उतर आए.
ये लोग तलवारों और अन्य हथियारों से लैस थे और नारे लगा रहे थे. लुधियाना के समराला चौक पर पुलिस ने इन कट्टरपंथी सिखों को रोकने के लिए हवा में गोलियाँ चलाईं. लेकिन जब कट्टरपंथी सिख नहीं मानें तो उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर गोलियाँ चला दीं, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई.
शुक्रवार को ही ग़ैर पंजाबी मज़दूरों और स्थानीय लोगों के बीच हिंसा हुई थी, जिसके कारण लुधियाना के कई थाना क्षेत्रों में आंशिक कर्फ़्यू लगाया गया है. जानकार शुक्रवार की घटना को भी ताज़ा हिंसा से जोड़कर देख रहे हैं क्योंकि आशुतोष महाराज बिहार के हैं और वे राजनीतिक रूप से भी दबंग माने जाते हैं.हालाँकि पंजाब में उनके अनुयायी हिंदू भी हैं और सिख भी.












Click it and Unblock the Notifications