खुलकर मदद करें अमीर देश: बांग्लादेश

बांग्लादेश के वित्त मंत्री अब्दुल मुहित ने कहा है कि विकसित देशों को उन लाखों लोगों की मदद के लिए खुलकर आगे आना चाहिए जो जलवायु परिवर्तन के चलते प्रभावित हो सकते हैं.
उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों में बदलाव किया जाना चाहिए और जलवायु परिवर्तन से प्रभावित लोगों को युद्ध पीड़ितों जैसा संरक्षण दिया जाना चाहिए.
ब्रितानी अख़बार गार्डियन को दिए इंटरव्यू में अब्दुल मुहित ने कहा कि ग्रीनहाउस गैसों से समुद्र का स्तर लगातार बढ़ रहा है और अगले 40 साल में बांग्लादेश में दो करोड़ लोगों के बेघर होने की आशंका है.
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश दुनिया में सबसे अधिक घनी आबादी वाले देशों में से है. बांग्लादेश के पास संसाधनों की कमी है और वो अपने दम पर इन लोगों की मदद नहीं कर सकेगा.
आशंका
वैज्ञानिकों को आशंका है कि धरती के लगातार बढ़ते तापमान और बढ़ते समुद्र स्तर से बांग्लादेश सबसे अधिक प्रभावित हो सकता है और इसकी वजह है इसके समुद्र तटों का नीचे होना.
जलवायु परिवर्तन पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन अगले सप्ताह कोपेनहेगन में होने जा रहा है.
संयुक्त राष्ट्र के इस जलवायु सम्मेलन का लक्ष्य 1997 की क्योटो संधि की जगह एक नई संधि पर सहमति बनाना है.
हालाँकि पर्यावेक्षकों का कहना है कि सहमति बनने की संभावना कम ही हैं.












Click it and Unblock the Notifications