यूएन गेस्ट हाउस पर हमले में 12 मरे

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक इस हमले के बाद काबुल के एक पंचसितारा होटल पर रॉकेट भी दागे गए, इसमें किसी के मारे जाने की खबर नहीं है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बंदूकधारी तड़के पांच बजे वहां दाखिल हुए और अंधाधुंध गोलियां बरसाकर संयुक्त राष्ट्र कर्मचारियों की हत्या कर दी।
सुरक्षा बलों और संदिग्ध आत्मघाती हमलावरों के बीच शार-ए-नाव इलाके के गेस्ट हाउस में भीषण गोलीबारी हुई। अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (यूएनएएमए) के कर्मचारी इस गेस्ट हाउस में रह रहे थे।
मारे गए आत्मघाती हमलावर
यहां के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता जमारई बशारी ने बताया कि तीन आत्मघाती हमलावर मारे गए हैं। पुलिस ने समाचार एजेंसी डीपीए को बताया कि गोलीबारी डेढ़ घंटे तक चली और आतंकवादियों के मारे जाने या पकड़े जाने के बाद खत्म हुई। इस हमले के कुछ देर बाद ही पंचसितारा होटल 'काबुल सेरेना' पर किसी अज्ञात स्थान से दो रॉकेट दागे गए। यह होटल राष्ट्रपति आवास और विदेश मंत्रालय से कुछ दूरी पर है।
इस हमले की जिम्मेदारी तालिबान ने ली है। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह हमला राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे चरण में बाधा पहुंचाने के लिए किया गया है। इससे पहले प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोलीबारी स्थानीय समयानुसार सुबह पांच बजे आरंभ हुई। गेस्ट हाउस वाली सड़क की घेराबंदी कर ली गई है। दोनों ओर से हो रही गोलीबारी के दौरान इमारतों से धुंआ उठता देखा गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications