प्रिंसिपल ने बच्चों को बेरहमी से पीटा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जिले में एक सरकारी स्कूल की प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया गया है। उक्त प्रधानाध्यापिका पर स्कूल के दो छात्रों को बेरहमी से पीटने का आरोप है। बेरहमी से पीटे जाने के कारण दोनों छात्र बेहोश हो गए थे।
जानकारी के मुताबिक यह घटना मधौसा इलाके के अंतपुर प्राथमिक विद्यालय की है, जहां शनिवार शाम स्कूल की प्रधानाध्यापिका सोनी सिंह ने कक्षा पांच के दो छात्रों से कुछ सवाल पूछे और सही जवाब न देने पर दोनों छात्रों को इतना पीटा कि वे बेहोश हो गए।
बच्चे अस्पताल में भर्ती
जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार ने रविवार को बताया, "प्रधानाध्यापिका की पिटाई से घायल छात्र मोहनलाल पाल व गुरुप्रसाद का उपचार फिलहाल जिला अस्पताल में चल रहा है, जहां दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।"
राकेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद प्रधानाध्यापिका सोनी सिंह को निलंबित कर घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications