पाक को सैन्य मदद पर कई पाबंदियाँ

अमरीकी सीनेट ने रक्षा के लिए ख़र्च का विधेयक पारित किया है जिसके तहत पाकिस्तान को मिलने वाली सैन्य मदद के सिलसिले में पाकिस्तान पर कई तरह की पाबंदियाँ लगाई गई हैं.
इस विधेयक में ये प्रावधान है कि अमरीका द्वारा पाकिस्तानी सेना को दी गई किसी भी सैन्य सामग्री का इस्तेमाल वह भारत के साथ तनाव बढ़ाने के लिए इस्तेमाल नहीं करेगा.
बीबीसी के वॉशिंगटन संवाददाता के अनुसार इन प्रावधानों का मकसद ये सुनिश्चित करना है कि अमरीका से मिलने वाली सैन्य सामग्री को केवल 'आतंकवाद के ख़िलाफ़ युद्ध' के लिए ही इस्तेमाल किया जाता है.
इस विधेयक में यह प्रावधान भी है कि अमरीका के पाकिस्तान को मिलने वाले सैनिक साज़ो-सामान पर नज़र रखी जाए और ये देखा जाए कि वह कहाँ पहुँचता है और इस्तेमाल किया जाता है.
पर्यवेक्षकों का कहना है कि इस विधेयक के कारण तनाव पैदा हो सकता है क्योंकि पाकिस्तान इसे अपने अंदरूनी मामले में अमरीकी दख़ल के रूप में देखता है.
सीनेट में इस विधेयक के पक्ष में 68 और इसके ख़िलाफ़ 29 वोट पड़े.
पाकिस्तान को इस्लामी चरमपंथियों के ख़िलाफ़ सैन्य और दूसरी कार्रवाई के लिए 1.6 अरब डॉलर के फ़ंड में से राशि दिए जाने के लिए अमरीकी विदेश मंत्री को इसकी मंज़ूरी देनी होगी.












Click it and Unblock the Notifications