डॉ. आशा पाण्डे को फ्रांस का सर्वोच्च सम्मान
फ्रांस गणतंत्र के राष्ट्रपति द्वारा राजस्थान विश्वविद्यालय में विदेशी भाषा विभाग की सह आचार्य डॉ. आशा पाण्डे को फ्रांस के सर्वोच्च सम्मान "लीजियो द ऑनर" के लिए चयन किया गया है। डॉ. आशा पाण्डे को यह पुरस्कार फ्रांस की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए दिया जा रहा है।
"लीजियो द ऑनर" फ्रांस गणतंत्र का सर्वोच्च पुरस्कार है। वर्ष 1802 में नेपोलियन बोनापार्ट द्वारा प्रारम्भ किया गया यह पुरस्कार संस्कृति, विज्ञान, सेना, उद्योग, तथा वाणिज्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए दिया जाता है।
भारत में यह पुरस्कार 1987 में फिल्म निर्माता सत्यजीत राय, वर्ष 2000 में सितारवादक पण्डित रविशंकर, वर्ष 2006 में पर्यावरणविद् आर. के. पचौरी तथा वर्ष 2007 में फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन को दिया गया था। सामान्यत: पुरस्कार प्राप्त करने वाले व्यक्ति को उनके देश में स्थित फ्रेंच दूतावास में आयोजित समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है।
इण्डो- फ्रेंच कल्चरल सोसायटी की संस्थापक डॉ. पाण्डे विगत 27 वर्षो से इस क्षेत्र में कार्य कर रही है। डॉ. पाण्डे ने बताया की सोसायटी की स्थापना से पूर्व विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर फ्रेंच शिक्षा शून्य थी तथा विश्वविद्यालय में डिप्लोमा कोर्स संचालित किए जा रहे थे।
आज जयपुर में 25 से अधिक विद्यालयों एवं करीब 10 महाविद्यालयों में फ्रेंच की शिक्षा दी जा रही है तथा विश्वविद्यालय में फ्रेंच में स्नातकोत्तर पाठयक्रम शुरू करने के साथ 6 विद्यार्थियों द्वारा फ्रेंच में शोध कार्य भी किया जा रहा है। राज्य में वर्तमान में करीब 7 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं द्वारा फ्रेंच की शिक्षा ली जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications