अमरीका में स्वाइन फ़्लू का ख़तरा बढ़ा

अमरीका में स्वास्थ्य अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि स्वाइन फ़्लू के टीके की आपूर्ति में देरी हो सकती है. ये बयान ऐसे समय में आया है जब अमरीका के कई प्रांतों में स्वाइन फ़्लू से मरने वालों की संख्या महामारी के मानकों के ऊपर निकल चुकी है.
अमरीकी रोग नियंत्रण और निरोधक केंद्र की एन्ने शुसैट का कहना है कि इस मीहने के आख़िर तक तीन करोड़ टीके उपलब्ध हो जाएंगे. लेकिन उम्मीद की जा रही थी कि कम से कम चार करोड़ टीके स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुँचेंगे. उन्होंने बताया कि स्वाइन फ़्लू से सबसे ज़्यादा ख़तरा बच्चों को है. इस साल अमरीका में 86 बच्चे इस बीमारी से मर चुके हैं.
उन्होंने कहा कि सामान्य फ़्लू के मौसम में फ़्लू से संबंधित मौतों की संख्या इस साल बढ़ गई है. तीस अगस्त के बाद से 43 बच्चों की मौत फ़्लू से हुई है जिनमें से 38 में एच वन एन वन की पुष्टि हुई थी. इनमें से आधे बच्चों की उम्र 12 से 17 साल के बीच थी.
शुसैट कहती हैं कि 41 प्रांतों में इस बीमारी के लक्षण पाए गए हैं और कुछ शहरों में इससे हुई मौतें महामारी के मानकों के बराबर पहुँच गई है. उनके मुताबिक टीके के इस्तेमाल से पहले इसका सटीक परीक्षण होता है ताकि किसी तरह का साइड इफेक्ट नहीं हो और इसी कारण से इसकी आपूर्ति में देरी हो रही है.












Click it and Unblock the Notifications