पानी के भीतर कैबिनेट की बैठक

पूर्व निर्धारित योजना के तहत मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद की अध्यक्षता में शनिवार को कैबिनेट की बैठक हो रही है.लेकिन ये कोई साधारण बैठक नहीं है बल्कि पहली बार किसी देश की कैबिनेट की बैठक पानी के भीतर हो रही है. इसके ज़रिए जलवायु परिवर्तन के कारण समुद्र का जलस्तर बढ़ने से मालदीव के अस्तित्व पर उत्पन्न हुए ख़तरे को दर्शाने की कोशिश की जा रही है.
मालदीव का अधिकतर हिस्सा समुद्र के सतह से महज एक मीटर ऊपर है और वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्ष 2100 तक यह द्विपीय देश समुद्र में समा सकता है. इस अभूतपूर्व कैबिनेट बैठक के लिए राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद समेत उनके मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है.
सरकारी अधिकारियों ने बताया है कि इन्हें धीरे-धीरे साँस लेने का प्रशिक्षण दिया गया है और मानसिक रूप से तैयार किया गया है.बैठक पानी के 15 फुट नीचे होगी और जिसके लिए सभी मंत्री गोता लगाकर समुद्र में उतरेंगे. राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य समुद्र में गोता लगाकर एक दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर करेंगे जिसमें दुनिया के सभी देशों से ख़तरनाक गैसों के उत्सर्जन में कटौती करने की माँग की जाएगी.
राष्ट्रपति के सलाहकार ने बताया कि बैठक के दौरान मंत्रिमंडल के सदस्य 17 अक्तूबर को पानी के भीतर हाथ के इशारों से बात करेंगे और वाटरप्रूफ़ बोर्ड पर न मिटने वाली स्याही से लिखेंगे. सलाहकार ने कहा, "ज़ाहिर है कि इशारों से बहुत बात नहीं हो सकती इसलिए पानी के भीतर होने वाली बैठक का कामकाज काफ़ी सीमित होगा, वे दुनिया के अमीर-ग़रीब सभी देशों से अनुरोध करेंगे कि वे जलवायु परिवर्तन के मुद्दे को गंभीरता से लें."
उन्होंने बताया, "ख़तरे की कोई बात नहीं है, हर मंत्री को एक कुशल गोताखोर के साथ भेजा जाएगा और यहाँ शार्क भी बहुत आक्रामक नहीं हैं."राष्ट्रपति नशीद ख़ुद एक कुशल गोताखोर हैं, उन्होंने पानी के भीतर ही एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की है.












Click it and Unblock the Notifications