नक्सलियों के मुद्दे पर राज्य गंभीर नहीं- राहुल
केंद्र की सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के युवा चेहरे राहुल गांधी ने कहा है कि राज्यों की सरकारें नक्सलियों से निपटने में गंभीरता नहीं बरत रही हैं.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकारों को चाहिए कि वे लोगो के बीच जाएं ताकि नक्सलवाद की समस्या से निपटा जा सके.
रांची में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकारों को ऐसा करना चाहिए लेकिन उड़ीसा और छत्तीसगढ़ जैसी राज्य सरकारें ऐसा कर नहीं रही हैं.
राहुल गांधी नक्सल प्रभावित राज्यों में से एक झारखंड के दौरे पर गए हुए थे. अपनी इस यात्रा के दौरान ही उन्होंने रांची में पत्रकारों से बात करते हुए अपने ये विचार रखे.
राज्य सरकारों पर निशाना साध रहे राहुल गांधी केंद्र की ज़्यादा स्पष्ट और बेहतर स्थिति का दावा करने से भी नहीं चूके.
एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार नक्सलवादियों से निपटने के मुद्दे पर एकमत है.
जब उनसे पूछा गया कि पिछले कुछ समय में देश में नक्सली हिंसा के मामलों में बढ़ोत्तरी हुई है तो उन्होंने कहा कि देश के कुछ हिस्सों को छोड़ दें तो बाकी के देश में क़ानून व्यवस्था की स्थिति अच्छी है.
राहुल गांधी की यह यात्रा ऐसे समय में हुई है जब देश के नक्सल प्रभावित इलाकों में नक्सली हमलों की तादाद में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है.
नक्सलवाद की चुनौती और मुखर होकर सरकार के सामने आई है. पिछले कुछ महीनों के दौरान नक्सली हमले बढ़े हैं और इस दौरान कई पुलिसकर्मी और आम लोग मारे गए हैं.












Click it and Unblock the Notifications