झारखंडः माओवादी दंपत्ति गिरफ़्तार

झारखंड में एक कृषि वैज्ञानिक और उनकी पत्नी को गिरफ़्तार किया है जिनके बारे में पुलिस का कहना है कि वे वरिष्ठ माओवादी नेता हैं. झारखंड पुलिस ने रवि शर्मा को उनकी पत्नी के साथ हजारीबाग के जंगल से पिछले हफ़्ते गिरफ़्तार किया, हालांकि मीडिया को इसकी सूचना बाद में मिली.
पुलिस के अनुसार यह माओवादी दंपत्ति हाल ही में झारखंड और बिहार में हुए कई हमलों में शामिल था. माओवादी विद्रोहियों के एक प्रवक्ता ने इस गिरफ़्तारी को ग़ैर क़ानूनी बताया. पुलिस के अनुसार 50 वर्षीय रवि शर्मा प्रतिबंधित भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की केंद्रीय समिति का सदस्य है.
पुलिस का कहना है कि रवि शर्मा को अशोक के नाम से भी जाना जाता है और वे बिहार-झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी के प्रमुख थे. उनकी पत्नी बी अनुराधा माओवादियों की महिला शाखा की प्रमुख हैं. दोनों मूल रूप से आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं.हजारीबाग के पुलिस अधिकारी पंकज कंबोज का कहना है, "फिलहाल इन दोनों का काम पार्टी के सदस्यों को सैन्य प्रशिक्षण देना और कैंप लगाकर माओवादी साहित्य वितरित करना था."पुलिस ने उनके क़ब्ज़े से कुछ हथियार और विस्फोटक भी बरामद करने का दावा किया है.












Click it and Unblock the Notifications