गिनी में हिंसा, 90 लोगों की मौत

पश्चिम अफ्रीकी देश गिनी में विपक्षी पार्टी के एक सरकार विरोधी प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों की गोलीबारी में क़रीब नब्बे लोगों के मारे जाने की ख़बर है.
राजधानी कोनाक्री स्थित एक स्टेडियम में विपक्षी पार्टी के क़रीब पचास हज़ार लोग सैनिक शासक कैप्टन मूसा डेडिस कमारा की संभावित योजनाओं के विरोध में प्रदर्शन के लिए इकट्ठा हुए थे. कैप्टन कमारा अगले साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार होने वाले हैं.
अधिकारियों के मुताबिक इस विपक्षी पार्टी पर प्रतिबंध लगा दिया गया था. प्रदर्शनकारी जैसे ही स्टेडियम में इकट्ठा हुए,सुरक्षा बलों ने गोलीबारी शुरू कर दी. बाद में भीड़ तितर-बितर हो गई और कई विपक्षी नेताओं को गिरफ़्तार कर लिया गया.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक स्टेडियम से कम से कम सत्तासी लोगों के शव बरामद किए गए जिनके शरीर पर गोलियों के निशान थे. कैप्टन कमारा ने इस हिंसा के लिए कुछ सैनिकों को ज़िम्मेदार ठहराया है जिन्होंने इस दौरान अपना नियंत्रण खो दिया. कैप्टन कमारा ने पिछले साल लंबे समय से सत्तारूढ़ लांसाना कौंटे की मौत के बाद चालाकी से सत्ता पर कब्ज़ा कर लिया था.












Click it and Unblock the Notifications