स्कूल में भगदड़, मृतकों की संख्या 7 हुई

घटना की असली वजह का पता पुलिस भी नहीं बता पा रही है। एक वर्ग कह रहा है कि गुरुवार को स्कूल की प्रधानाचार्या ने घोषणा कर सभी छात्रों को नीचे बुलाया था। नीचे उतर रहीं कुछ छात्राओं को सीढ़ी के ग्रिल पर करंट लगा और करंट की खबर से उनके बीच भगदड़ मच गई और सीढ़ियां छोटी होने की वजह से छात्राएं एक के ऊपर एक गिर गईं।
वहीं दूसरी ओर कुछ छात्राओं का कहना है कि सीढि़यों से उतरते समय पीछे की ओर कुछ छात्रों ने छेड़खानी की, जिस वजह से भगदड़ मची। फिलहाल पुलिस और स्कूल प्रशासन घटना की असली वजह जानने में लगा हुआ है।
अभिभावकों में रोष
इस घटना में 5 छात्राओं की मौत मौके पर ही हो गई थी। जबकि दो ने गुरुवार रात दम तोड़ दिया। 8 की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। घायल छात्राओं का उपचार जीटीबी अस्तपताल में चल रहा है। इस घटना से अभिभावकों में खासा रोष व्याप्त हो गया। बुधवार शाम को भीड़ ने स्कूल पर जमकर पथराव किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रण में किया। स्कूल के बाहर भारी मात्रा में पुलिसबल तैनात कर दिया गया है। हालांकि स्कूल शनिवार तक बंद है।
घटना के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने भी मौके का दौरा किया। उन्होंने दुर्घटना पर अफसोस व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख के मुआवजे की घोषणा की गई है। साथ ही घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश भी दिए।












Click it and Unblock the Notifications