इविवि: छात्रसंघ बहाली की मांग पर लाठीचार्ज

इलाहाबाद के पुलिस अधीक्षक(शहर) अवधेश कुमार विजेता ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में छात्रसंघ चुनाव कराए जाने की मांग को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। कुछ समय बाद अचानक छात्रों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हालात काबू में करने के लिए मौके पर पहुंचे पुलिस बल पर छात्रों ने पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज करना पड़ा।
सड़क पर कई वाहन तोड़े
लाठीचार्ज में घायल होने के बाद आक्रोशित छात्रों ने विश्वविद्यालय के बाहर मुख्य मार्ग पर कई सार्वजनिक और निजी वाहनों को अपना निशाना बनाते हुए उनमें तोड़फोड़ की। इस दौरान पुलिस पर भी जमकर पथराव किया। विजेता ने साफ किया कि लाठीचार्ज में कुछ छात्रों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। हालात को देखते हुए वहां पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया।
उन्होंने बताया कि इस हंगामे के पीछे कुछ बाहरी छात्रों का हाथ है। जिन्हें चिन्हित कर पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। मालूम हो कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पिछले दो सालों से छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications