स्वाइन फ्लू: 12 दिन में आती है जांच रिपोर्ट

मध्य प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू के कुल 79 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। इनमें से 36 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। जिनमें दो रोगग्रस्त और शेष 35 के नमूनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
मौत के बाद आई रिपोर्ट
दिल्ली के राष्ट्रीय संचारी रोग संस्थान से नमूनों की रिपोर्ट 12 से 15 दिनों के बाद आ रही है। चिकित्सकों के मुताबिक स्वाइन फ्लू पीड़ित मरीज की स्थिति सात दिन गंभीर रहती है परन्तु रिपोर्ट इन मुश्किल भरे दिनों के बाद ही मिल रही है।
प्रदेश में इंदौर में भर्ती रही एक महिला मरीज के नमूनों की रिपोर्ट तो तब आई जब उसकी मौत हो चुकी थी। यह बात अलग है कि उस महिला मरीज की रिपोर्ट निगेटिव रही थी। इसी तरह इंदौर के पवन जैन और भोपाल की अनन्या श्रीवास्तव की जांच रिपोर्ट 12 और 13 दिन बाद आई है जो पॉजिटिव है। आशय साफ है कि रिपोर्ट के मुताबिक यह दोनों मरीज स्वाइन फ्लू पीड़ित हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अब ये दोनों ही मरीज ठीक हैं और उनका उपचार जारी है।
पॉजिटिव रिपोर्ट वाले मरीज स्वस्थ्य हुए
स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी डॉ बी.एन. चौहान ने बताया कि जिन दो मरीजों के नमूनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, वे अब स्वस्थ हैं। वे यह स्वीकारते हैं कि नमूनों की रिपोर्ट 10 से ज्यादा दिन बाद आ रही है। इसकी वजह वे दिल्ली में पहुंचने वाले नमूनों की संख्या ज्यादा मानते हैं।
हमीदिया अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डी.के. पाल ने बताया कि अनन्या की जांच रिपोर्ट पाजिटिव जरूर आई है परंतु वह अपने घर पर है और स्वस्थ है। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने में हो रहे विलंब के बीच मरीज के उपचार के संदर्भ में डॉ. पाल का कहना है कि केंद्र सरकार की ओर से स्वाइन फ्लू के लिए जारी निर्देशों के आधार पर मरीज का इलाज किया जाता है। मरीज में नजर आने वाले लक्षणों के आधार पर दवाइयां दी जाती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications