हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री की दूसरी बीवी गिरफ्तार, जमानत
चंडीगढ़, 30 जनवरी (आईएएनएस)। हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री चंद्रमोहन ऊर्फ चांद मोहम्मद की दूसरी पत्नी अनुराधा बाली ऊर्फ फिजा बानो को गुरुवार को आत्महत्या के कथित प्रयास के बाद शुक्रवार को मोहाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और कुछ ही देर बाद जमानत पर रिहा कर दिया।
मोहाली पुलिस ने फिजा के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का एक मामला गुरुवार को दर्ज किया था।
मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जतिंदर सिंह औलख ने आईएएनएस से कहा कि पुलिस ने फिजा को गिरफ्तार किया था लेकिन उन्हें तत्काल जमानत दे दी गई क्योंकि यह जमानती अपराध था। उन्होंने कहा कि पुलिस ने फिजा को गुरुवार को गिरफ्तार नहीं किया क्योंकि उनकी स्थिति ठीक नहीं थी।
उल्लेखनीय है कि फिजा ने गुरुवार को अधिक मात्रा में नींद की गोलियां खा ली थी जिससे उसे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। घटना के सात घंटे बाद भी उसकी स्थिति स्थिर नहीं हुई थी।
इसे आत्महत्या के प्रयास का मामला बताते हुए पुलिस ने फिजा के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
इससे पहले फिजा ने बुधवार को अपने देवर कुलदीप बिश्नोई पर चांद मोहम्मद के अपहरण का आरोप लगाया था। जबकि उनके पति ने इस आरोप को गलत बताते हुए कहा कि वह अपनी मर्जी से गए हैं और उन्होंने इस बारे में फिजा को सूचित भी किया था।
मोहाली पुलिस ने यह कहकर मामला दर्ज करने से इंकार कर दिया था कि यह पति और पत्नी के बीच तकरार का मामला लगता है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष दिसंबर में भजनलाल के ज्येष्ठ पुत्र चंद्रमोहन ने इस्लाम कुबूल करते हुए अपना नाम चांद मोहम्मद रख लिया था और इसके बाद उन्होंने अनुराधा बाली ऊर्फ फिजा बानो से निकाह किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications