आडवाणी और मोदी के बाद अब जोशी की वेबसाइट
ब्रजेंद्र नाथ सिंह
नई दिल्ली, 30 जनवरी (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव से पूर्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं में अपनी-अपनी वेबसाइट लांच करने की होड़ मच गई है। पार्टी के शीर्ष नेता लालकृष्ण आडवाणी के बाद अब पार्टी के ही एक अन्य वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी भी अपनी वेबसाइट लांच करने जा रहे हैं।
राजधानी स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (आईआईसी) में शनिवार को जोशी की वेबसाइट का लोकार्पण किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
जोशी के एक करीबी ने आईएएनएस को बताया, "इस वेबसाइट में जोशी के जीवन से जुड़ी तमाम जानकारियों का विस्तृत ब्योरा उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा उनके भाषणों का संकलन, महत्वपूर्ण मुद्दों पर उनके विचार और कई यादगार फोटोग्राफ्स भी उपलब्ध रहेंगे।" जोशी की इस वेबसाइट को आईटी पेशेवरों की एक टीम ने तैयार किया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष आडवाणी की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट एलकेआडवाणी डॉट इन का शुभारंभ हुआ था। अपनी वेबसाइट को प्रचलित करने के लिए आडवाणी समय-समय पर इसे अपडेट भी करवाते रहते हैं। आडवाणी ने हाल ही अपना ब्लॉग भी शुरु किया है। आडवाणी से पहले गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी भी अपनी वेबसाइट शुरु कर चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications