कृतज्ञ राष्ट्र ने बापू को किया याद (लीड-1)
बापू के समाधि स्थल राजघाट पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोगों का आना शुरू हो गया था। बड़ी संख्या में स्कूली छात्रों ने बापू को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने भी इस मौके पर बापू को याद किया और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
राजधानी के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में बापू की पुण्य तिथि पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोपहर में 'गांधी स्मृति' भवन में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और अन्य लोगों ने हिस्सा लिया।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में बापू की पुण्यतिथि के अवसर पर एक स्वयंसेवी संगठन ने उनके विचारों के प्रचार-प्रसार के लिए 'लेट गांधी टॉक' नामक एक विशेष अभियान की शुरुआत की है।
'लेट गांधी टॉक' की शुरुआत करने वाले शैलेन्द्र उनियाल ने कहा कि अभियान के द्वारा लोगों को गांधी के संदेशों और उनके विचारों से अवगत करवाया जा रहा है।
उनियाल ने कहा कि संगठन की योजना सरकार को एक याचिका सौंपने की है, जिसमें कहा जाएगा कि नोट में गांधीजी की तस्वीर के साथ उनका एक संदेश भी छापा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा होने से जब भी हम नोट देखेंगे तो हमें बापू की एक सीख जरूर याद आएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications